यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 26, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इस फिल्म की कमाई से हिस्सा लेंगे धौनी
टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की जीवनी पर बनने वाली फिल्म 'एमएस धौनी-द अनटोल्ड स्टोरी' के पहले लुक का अनावरण हो गया है।

नई दिल्ली। टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की जीवनी पर बनने वाली फिल्म 'एमएस धौनी-द अनटोल्ड स्टोरी' के पहले लुक का अनावरण हो गया है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक नीरज पांडे भारतीय कप्तान की जीवनी पर फिल्म बनाएंगे। इसमें सुशांत सिंह राजपूत केंद्रीय भूमिका में होंगे।
धौनी की जीवनी पर फिल्म बनाने को लेकर पहले इस तरह की भी खबरें आईं कि वह इसके लिए 45 करोड़ रुपये मांग रहे हैं, लेकिन अंत में उन्हीं की कंपनी रिती स्पोर्ट्स ने इस फिल्म के निर्माण का जिम्मा उठाया। यानी अब कमाई का हिस्सा सीधे धौनी के खाते में ही जाएगा। रिती स्पोर्ट्स मैनेजमेंट अपने कप्तान के लिए पहली बार एंटरटेनमेंट की दुनिया में उतर रही है। छोटे से शहर से अपने करियर की शुरुआत करने वाले धौनी आज भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तान हैं। वह आज देश के अनगिनत युवाओं के रोल मॉडल हैं।
यह फिल्म न केवल विश्व कप जीतने वाले कप्तान की उल्लेखनीय कामयाबी के बारे में बताएगी, बल्कि खेल की दुनिया में आने से पहले उनके निजी जीवन के कुछ पहलुओं पर पर भी प्रकाश डालेगी।
रिती स्पोर्ट्स के चेयरमैन अरुण पांडे ने कहा कि धौनी दुनिया भर में खेल की दुनिया में प्रतिष्ठित आइकन हैं और उनकी जीवनी निश्चित रूप से उन हजारों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत होगी जो ऐसे ही ऊंचे सपने देखते हैं और इन सपनों को पूरा करने का भरसक प्रयास करते हैं। निर्देशक नीरज पांडे हमेशा से ही इस परियोजना के लिए पसंदीदा निर्देशक रहे हैं और सुशांत इसमें मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। सुशांत सिंह राजपूत ने कहा कि मुझे ऑनस्क्रीन धौनी की भूमिका निभाने का मौका मिला है, इसे लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। वह दुनिया भर के युवाओं के हीरो हैं और नीरज सबसे बेहतरीन निर्देशकों में से एक हैं। नीरज ने कहा कि यह एक व्यक्ति, एक नेतृत्वकर्ता और एक अंतरराष्ट्रीय आइकन की अनूठी यात्रा है।

