यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Exclusive: सिर्फ़ एक डायलॉग सुनकर Raees बनने के लिए तैयार हो गए शाह रुख़
आखिरी सीन के बारे में राहुल बताते हैं कि उस सीन में शाह रुख़ ने बिना गिल्सरीन के आंसू निकाल लिए थे। पूरे तीन टेक में सीन ओके हो गया।

अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। शाह रुख़ ख़ान की फ़िल्म रईस बॉक्स ऑफ़िस पर अपना दम दिखा रही है, वहीं फ़िल्म में उनके किरदार की जमकर तारीफ़ हो रही है। इस फ़िल्म में शाह रुख़ से पहली बार जुड़े निर्देशक राहुल ढोलकिया भी इस बात से प्रभावित हैं कि कैसे शाह रुख़ ने कई अहम सींस को अंजाम दिया।
राहुल ने जागरण डॉट कॉम से हुई ख़ास बातचीत में बताया कि उनकी हमेशा से ख़्वाहिश थी, वो शाह रुख़ के साथ यह फ़िल्म बनाएं और इसमें निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख़्तर ने उनकी मदद की। राहुल बताते हैं कि शाह रुख़ के साथ सीन फिल्माते हुए उन्हें पूरी लिबर्टी मिलती थी, शाह रुख़ ने खुद को फ्री छोड़ दिया था। फ़िल्म के आखिरी सीन के बारे में राहुल बताते हैं कि उस सीन में शाह रुख़ ने बिना गिल्सरीन के आंसू निकाल लिए थे। पूरे तीन टेक में सीन ओके हो गया। पहले टेक में जब थोड़ी गड़बड़ी हुई तो राहुल ने अपने कैमरामैन से कहा कि थोड़ी सी चूक रह गई, अब इसे फिर से कैसे उसी इमोशन के साथ लेकर आएंगे। तब शाह रुख ने कहा कि घबराने की ज़रूरत नहीं, मैं यह पिछले 25 साल से कर रहा हूं। फिर वह इमोशन ले आऊंगा।
इसे भी पढ़ें- रईस का लांग वीकेंड पूरा, अब 100 करोड़ से बस इतना दूर

रईस में अमिताभ बच्चन की फ़िल्म काला पत्थर के दृश्य के साथ एक खास सीन फिल्माया है। इस सीन के बारे में बातचीत करते हुए बताते हैं कि अमिताभ बच्चन से किसी ना किसी रूप में फिल्में प्रभावित होती ही हैं। राहुल बताते हैं कि उन्हें यह बात याद थी कि काला पत्थर में मिल मजदूरों के हक़ की बात हुई है। तो मुझे लगा कि यह सीन ठीक बैठेगा। सो, मैंने इसका इस्तेमाल किया।
इसे भी पढ़ें- चेतन भगत के नॉवल्स के टाइटल्स में छिपा है एक दिलचस्प राज़
राहुल को इस बात की ख़ुशी है कि उनकी फ़िल्म के संवाद काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। राहुल ने बताया कि शाह रुख़ ने फ़िल्म का संवाद बनिए का दिमाग और मियां भाई की डेयरिंग सुनकर ही फिल्म को हां कहा था। यह संवाद उन्हें सबसे अधिक पसंद आया था। उसके बाद शाह रुख़ ने बाकी की स्क्रिप्ट सुनी थी।

