विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मिर्जा-साहिबा की लव स्टोरी है 'मिर्जिया'

By Monika SharmaEdited By:
Published: Sun, 11 Jan 2015 11:31 AM (IST)Updated: Sun, 11 Jan 2015 11:48 AM (IST)

राकेश ओमप्रकाश मेहरा इन दिनों जैसलमेर में अपनी नई फिल्म 'मिर्जिया' की शूटिंग कर रहे हैं। यह पंजाब के सुप्रसिद्ध ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई, अजय ब्रह्मात्मज। राकेश ओमप्रकाश मेहरा इन दिनों जैसलमेर में अपनी नई फिल्म 'मिर्जिया' की शूटिंग कर रहे हैं। यह पंजाब के सुप्रसिद्ध प्रेमी युगल मिर्जा-साहिबा के जीवन पर आधारित है लेकिन राकेश इसे आज की प्रेम कहानी की तरह बना रहे हैं। इस फिल्म को गुलजार ने लिखा है और उनका म्यूजिकल टच भी है। गुलजार के लिखे गीतों को सुरों और संगीत से सजाया है शंकर एहसान लॉय ने।

शूटिंग के दौरान अनिल कपूर का बेटा घायल

तीन साल तक पकी कहानी

राकेश 'दिल्ली 6' के बाद ही इसे बनाना चाहते थे लेकिन तब 'भाग मिल्खा भाग' की कहानी मिल चुकी थी, इसलिए पहले उसका निर्देशन किया गया। राकेश बताते हैं, 'अच्छा ही हुआ कि तीन सालों तक कहानी आहिस्ता-आहिस्ता पकती रही। गुलजार भाई इस पर काम करते रहे। यह पोएटिक तरीके से लिखी गई है। कॉलेज के दिनों में पढ़ी इस कहानी में कुछ खास बात थी। साहिबा ने मिर्जा के तीर तोड़ दिए थे। क्यों तोड़े? इसकी अलग-अलग व्याख्याएं हैं। गुलजार भाई ने अपने तरीके से इसे लिखा है। 'मिर्जिया' में गुलजार ने दोनों के प्रेम के रुहानी और सूफियाना भाव को आज के माहौल में रचा है। इन दिनों की फिल्मों में ऐसा ट्रीटमेंट नहीं मिलता।'

नए जमाने की प्रेमकहानी

राकेश कहते हैं, 'कंज्यूमर कल्चर में प्यार के मायने बदल गए हैं। अब प्रेम रुहानी नहीं रह गया है लेकिन यही तो खोज है। क्या आज के दौर के प्रेमी भी मिर्जा-साहिबा की तरह जज्बाती हो सकते हैं? समय के साथ आसपास की चीजें बदल जाती हैं। कम्युनिकेशन के तरीके बदल जाते हैं लेकिन गौर करें तो प्रेम का अंदरूनी जज्बा वैसे ही रहता है। भीतरी स्तर पर इमोशन की लहर वैसी ही रहती है। मैं थोड़ा ओल्ड फैशन लग सकता हूं लेकिन मेरे लिए प्यार भौतिक सुरक्षा से बड़ी चीज है। हम प्रेम को जैसे जीते और देखते रहे हैं, उसे ही अपनी फिल्मों में ले आएंगे। इस फिल्म के प्रेमी किरदार आज के जमाने से जूझते हैं।'

डांस सीक्वंस जैकलीन फर्नांडीस को पड़ा महंगा

नए कलाकारों को मौका

'मिर्जिया' में मिर्जा का किरदार हर्षवर्धन कपूर निभा रहे हैं। उनके साथ सैयामी खेर हैं। कलाकारों के चुनाव के बारे में पूछने पर राकेश कहते हैं, 'अनिल कपूर जी के घर पर मेरा आना-जाना रहा है। सोनम कपूर के साथ मैंने दो फिल्में की हैं। हर्ष से मेरी मुलाकातें होती रही हैं। मैंने उन्हें बहुत पहले चुन लिया था लेकिन वे खुद को तैयार नहीं कर पा रहे थे। दो साल पहले उनका मैसेज आया 'आई एम फीलिंग रेडी'। मैंने उन्हें 'मिर्जिया' की कहानी सुनाई। उसके बाद डेढ़ साल तक रीडिंग और रिहर्सल हुआ। हर्ष को घुड़सवारी भी सीखनी पड़ी। जब वे मंझ गए तो फिर हम लोग फ्लोर पर गए। मेरे हाथों में कच्ची मिट्टी है। अब देखें कि उसे क्या रूप-रंग दे पाता हूं? मैंने अनुभवी अभिनेताओं और तकनीशियनों के साथ काम किया है। इनसे सीखा ही नए कलाकारों को सिखा रहा हूं।'

नामी तकनीशियनों की टीम

'मिर्जिया' की तकनीशियन टीम में कैमरामैन पावेल डैलेस टीम के साथ पोलैंड से आए हैं। स्टंट और एक्शन के लिए ऑस्ट्रेलिया से डैनी आए हैं। उन्होंने टॉम क्रूज के साथ 'द लास्ट समुराई' की थी। फिल्म की जरूरत के मुताबिक नैचुरल रोशनी में शूटिंग की जा रही है। इस शेड्यूल के बाद राकेश ओमप्रकाश मेहरा लद्दाख और मुंबई में शूटिंग करके फिल्म पूरी करेंगे।

'बदलापुर' में वरुण धवन और यामी गौतम का लिप-लॉक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।