यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उप्र में बंदूक के निशाने पर हैं भाजपा नेता!
प्रदेश में भाजपा नेताओं पर हमले के बाद अबकी भाजपा ब्रज प्रांत के महामंत्री देवेंद्र शर्मा निशाने पर थे। उनके आंगन में सोने की जानकारी होने पर वहां गोली चलाई गई। जो उनकी मां की बांह चीरती हुई पार हो गई।

मथुरा। प्रदेश में भाजपा नेताओं पर हमले के बाद अबकी भाजपा ब्रज प्रांत के महामंत्री देवेंद्र शर्मा निशाने पर थे। उनके आंगन में सोने की जानकारी होने पर वहां गोली चलाई गई। जो उनकी मां की बांह चीरती हुई पार हो गई। हमलावरों का कोई पता नहीं चला है।
विधानसभा चुनाव लड़ चुके देवेंद्र शर्मा शनिवार रात गोविंदनगर के वैरागपुर स्थित अपने घर में परिवार के साथ थे। मां सुशीला देवी आंगन में सो रही थीं। रात लगभग दो बजे अचानक गोली चली। मां की चीख सुनकर देवेंद्र व उनके भाई मोहन शर्मा भागकर आंगन में पहुंचे। गोली सुशीला देवी के कंधे और बांह को चीरती हुई पार हो गई थी। सुशीला देवी को अस्पताल में भर्ती कराया।
खबर आग की तरह फैली तो पार्टी नेताओं के पहुंचने का सिलसिला भी सुबह पांच बजे से ही शुरू हो गया। जिलाध्यक्ष डीपी गोयल, पूर्व विधायक अजय पोइया समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता थाना गोविंद नगर पहुंच गए। भाजपा नेताओं ने साजिश बताते हुए हमलावरों को बेनकाब करने की मांग की। साथ ही कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
शनिवार अपरान्ह बाद भाजपा नेता देवेंद्र शर्मा और भाजपाइयों ने एसएसपी नितिन तिवारी से मुलाकात की। अपनी हत्या की आशंका जताते हुए इस मामले की गहन पड़ताल की मांग की। गोविंद नगर थाना प्रभारी सूर्यभान शर्मा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उप्र में भाजपा सांसद पर हमला
उत्तार प्रदेश में भाजपा नेताओं पर हमले लगातार जारी हैं। ताजा वारदात में शनिवार रात फतेहपुर जिले में भाजपा की नवनिर्वाचित सांसद साध्वी निरंजन ज्योति पर चार आरोपियों ने हमला किया, लेकिन वे बाल-बाल बच निकलीं। हमले में उनके गनमैन को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शहर के सिविल लाइन इलाके में शनिवार रात निजी समारोह के दौरान भाजपा सांसद निरंजन ज्योति व भाजयुमो नेता भानु पटेल और उनके समर्थकों के बीच फायरिंग व गाली गालौज की घटना हुई। जिसमें दोनों ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। विवाद में पांच लोग घायल हुए हैं। सांसद साध्वी निरंजन ज्योति अपने गनर राहुल तिवारी, सिक्की, डॉ. बदन सिंह, हमीरपुर नगरपालिका के चेयरमैन के प्रतिनिधि कुलदीप के साथ निजी समारोह भाग लेने गई थीं। आरोप है कि बाहर निकलते समय उनकी गाड़ी के पास कुछ लोग खड़े होकर सांसद को अपशब्द कह रहे थे। गनर ने विरोध किया तो उसकी रायफल छीनने लगे। इस दौरान भाजयुमो जिला मंत्री भानु पटेल ने अपने चार साथियों के साथ हवाई फायरिंग कर मारपीट की। इसमें गनर राहुल तिवारी, सिक्की, डा.बदन सिंह व कुलदीप जख्मी हो गए।
