विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हम बोलते कम और काम ज्यादा करते हैं : केजरीवाल

By anand rajEdited By:
Published: Sat, 21 Feb 2015 08:00 AM (IST)Updated: Sat, 21 Feb 2015 08:18 AM (IST)

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वह बोलते कम हैं, काम ज्यादा करते हैं। काम करेंगे तभी बताएंगे, पहले ...और पढ़ें

News Article Hero Image

दिल्ली (जागरण संवाददाता)। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वह बोलते कम हैं, काम ज्यादा करते हैं। काम करेंगे तभी बताएंगे, पहले से एलान करने का कोई फायदा नहीं है। केजरीवाल ने कहा कि, उनके बच्चे भी पूछते हैं कि पापा मुफ्त वाई-फाई सुविधा कब मिलेगी। कुछ लोगों ने कहा है कि, पांच साल तो नहीं लगेंगे। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, काम चल रहा है, एक साल लगेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सस्ती बिजली, मुफ्त पानी व भ्रष्टाचार मिटाने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। वह शुक्रवार को सैदुल्लाजाब स्थित गार्डन ऑफ फाइव सेंसेस में 28वें पर्यटन उद्यान महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला सरकारी कार्यक्रम था। महोत्सव 22 फरवरी तक चलेगा। केजरीवाल ने कहा, सरकार सबसे पहले सस्ती बिजली, मुफ्त पानी व भ्रष्टाचार मिटाने की योजना पर काम कर रही है। तभी बीच में युवाओं ने पूछ लिया मुफ्त वाई-फाई सुविधा कब तक मिलेगी। उन्होंने कहा- मेरे बच्चे भी रोज यही पूछते हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं की जिज्ञासा शांत करते हुए कहा कि एक साल के अंदर यह सुविधा भी मिलेगी। केजरीवाल बोले, हमारा लक्ष्य दिल्ली को टूरिज्म हब बनाने का है ताकि लोग यहां आकर छुट्टियां मना सकें और दिल्ली वालों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार कुछ कम हुआ है। दो-चार अधिकारियों को सजा होगी तो यह पूरी तरह खत्म हो जाएगा। महंगाई कम करने पर भी काम चल रहा है। केजरीवाल ने महोत्सव पर आधारित स्मारिका का विमोचन किया और एक पौधा भी लगाया। इस बार महोत्सव की थीम लैंडस्केपिंग एंड हैंगिंग प्लांट्स रखी गई है। कार्यक्रम में दिल्ली के विधि एवं न्याय, गृह, पर्यटन एवं कला-संस्कृति मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर, आप विधायक करतार सिंह तंवर और दिल्ली पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक रमेश तिवारी भी मौजूद रहे।

सचिवालय में आज भी चलेगा प्रेजेंटेशन का दौर

दिल्ली सचिवालय में शनिवार के दिन भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनके मंत्री पूरा समय अलग-अलग विभागों द्वारा तैयार प्रजेंटेशन को देखेंगे। सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने जो 70 वादे जनता से किए थे, अब उसे पूरा करने की बारी है। ऐसे में कुछ विभागों ने बृहस्पतिवार को अपना प्रजेंटेशन मुख्यमंत्री के सामने दिया था, बाकी बचे विभाग के अधिकारी शनिवार को पार्टी के एजेंडे पर कैसे काम हो सकता है, इसे बताएंगे। शनिवार दोपहर 12 बजे दिल्ली सरकार के गृह विभाग पहले प्रजेंटेशन देंगे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, फिर समाज कल्याण विभाग, विधि एवं न्याय विभाग, श्रम व रोजगार विभाग, पर्यावरण विभाग, सूचना एवं तकनीक विभाग, कला व संस्कृति विभाग के अधिकारी प्रजेंटेशन देंगे।

पढ़ेंः दिल्ली में अवैध निर्माण पर केजरीवाल सरकार का यू-टर्न

पढ़ेंः जल्द होगी बिजली बिल में कमी और मुफ्त पानी की घोषणाः केजरीवाल


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।