विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 06, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्‍ली चुनाव: नए सर्वे में भाजपा को दो-तिहाई बहुमत

By Sanjay BhardwajEdited By:
Updated: Fri, 06 Feb 2015 10:06 AM (IST)

लगातार रोचक होते जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच चुनावी सर्वे भी पूरी तरह अलग-अलग कहानी सुना रहा है। यहां तक कि अलग- अलग सर्वे में भाजपा और आम आदमी पार्टी को दो-तिहाई बहुमत तक का आकलन कर दिया गया है।

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। लगातार रोचक होते जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच चुनावी सर्वे भी पूरी तरह अलग-अलग कहानी सुना रहा है। यहां तक कि अलग- अलग सर्वे में भाजपा और आम आदमी पार्टी को दो-तिहाई बहुमत तक का आकलन कर दिया गया है।

रिसर्च एंड डेवलपमेंट इनिशिएटिव (आरडीआइ) ने अब तक के सबसे बड़े सैंपल के साथ भाजपा को 41-45 सीटें और आप को 21-25 सीटें मिलने का संभावना जताई है। इससे पहले एक सर्वे में इसके उलट आकलन किया गया था। पूरे आकलन में कांग्रेस को अधिकतम चार सीटें मिलने का अनुमान है।

शनिवार को मतदान है। इससे पहले लगभग एक दर्जन सर्वे आ चुके हैं। 23 से 30 जनवरी के बीच किए गए आरडीआइ सर्वे का मानना है कि दिल्ली में भाजपा की मजबूत सरकार बनेगी। जातिगत आधार पर वोटरों का रुझान दिखाते हुए आकलन किया गया है कि ब्राह्मण, राजपूत, वैश्य, पंजाबी, त्यागी, जाट, गुर्जर आदि वर्गो में जहां 53-59 फीसद वोट भाजपा के खाते में आ रहा है वहीं मुस्लिम और क्रिश्चियन वर्गो से भी 21-30 फीसद वोटर भाजपा की सरकार चाहते हैं।

आरडीआइ का यह आकलन भाजपा को उत्साहित कर सकता है। दरअसल सर्वे के अनुसार यह अब तक के सबसे बड़े सैंपल को आधार बनाकर किया गया है। इसमें दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्र में से प्रत्येक में तीन-तीन सौ लोगों को बतौर सैंपल लिया गया है। इस लिहाज से 21 हजार से लोगों से बात हुई और उसकी तीन स्तर पर जांच की गई।

सर्वे को जातिगत आधार, क्षेत्रीय आधार, उम्र के आधार अलग-अलग रिहायशी आधार पर भी बांटा गया है। 18-25 आयु वर्ग के युवाओं को छोड़ दिया जाए तो आरडीआइ के सर्वे में दूसरे सभी आयु वर्गो के बीच भाजपा आम आदमी पार्टी से काफी आगे है। झुग्गी झोपड़ी, अनधिकृत कॉलोनियों और ग्रामीण क्षेत्रों में आप की ओर ज्यादा झुकाव है। झुग्गी-झोपड़ी में तो भाजपा के मुकाबले दो गुना लोग आप के समर्थक दिखे।

पूर्वांचलियों के बीच भी आप की पकड़ मजबूत है। लेकिन इन वर्गो के बीच भी भाजपा 30-38 फीसद तक वोट लेने में सफल रहेगी। अन्यथा हर वर्ग और क्षेत्र में भाजपा काफी आगे दिखाई गई है। यहां तक कि मुस्लिमों में भी 20.7 फीसद वोटर भाजपा के पक्ष में दिखाए गए।

वाल्मीकि, पासी, खटीक जाति वर्ग में भी आप की मजबूत पकड़ दिखाई गई लेकिन हर वर्ग से भाजपा को भी तीस फीसद वोट मिलने की संभावना जताई गई है। कुल मिलाकर 45.6 फीसद पुरुष और 44.7 फीसद महिलाएं भाजपा सरकार चाहती हैं। आप के मुकाबले यह लगभग छह फीसद ज्यादा है और यही संकेत पसंदीदा मुख्यमंत्री को लेकर भी है।

आरडीआइ के सर्वे के अनुसार 46 फीसद लोग किरण बेदी को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं और 40 फीसद अरविंद केजरीवाल को। जबकि कांग्रेस के अजय माकन को 12 फीसद लोगों को समर्थन मिला है।

ध्यान रहे कि इससे पहले कुछ चैनलों ने आप को बहुमत दिया था तो कुछ ने भाजपा को बहुमत के करीब दिखाया था। लेकिन आरडीआइ का सर्वे भाजपा कार्यकर्ताओं को उत्साहित कर सकता है।

पढ़ें : दिल्ली में मिल सकता है भाजपा को पूर्ण बहुमत

पढ़ें : दिल्ली में आप और भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत