विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फड़नवीस ने संभाली महाराष्ट्र की कमान

By Kamal VermaEdited By:
Updated: Fri, 31 Oct 2014 06:08 PM (IST)

देवेंद्र फड़नवीस ने महाराष्ट्र की पहली भाजपा सरकार का कमान संभाल लिया है। जिस मुंबई महानगर में 34 साल पहले भाजपा का जन्म हुआ था, उसी महानगर में शुक्रवार को एक भव्य समारोह में राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने फडऩवीस को राज्य के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके

News Article Hero Image

मुंबई [ओमप्रकाश तिवारी]। देवेंद्र फड़नवीस ने महाराष्ट्र की पहली भाजपा सरकार का कमान संभाल लिया है। जिस मुंबई महानगर में 34 साल पहले भाजपा का जन्म हुआ था, उसी महानगर में शुक्रवार को एक भव्य समारोह में राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने फडऩवीस को राज्य के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके साथ सात कैबिनेट एवं दो राज्यमंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई है।

मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी और गठबंधन को लेकर शिवसेना से सुलह के बाद विस्तार का रास्ता खुला रखा गया है। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से 14 नवंबर तक बहुमत साबित करने को कहा है। यह पहला मौका है, जब भाजपा ने महाराष्ट्र में बिना गठबंधन की सरकार बनाई है।

फडऩवीस सरकार अभी अल्पमत की है। 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 123 विधायक हैं। शिवसेना से उसका गठबंधन हो जाने पर उसे उसके 63 विधायकों का समर्थन मिल सकता है। राकांपा ने भी बाहर से समर्थन की पेशकश कर रखी है इसलिए भाजपा के लिए बहुमत साबित करना मुश्किल नहीं है।

प्रतिनिधित्व में दिखा संतुलन

सरकार में महाराष्ट्र के सभी क्षेत्रों एवं वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। मुंबई से प्रकाश मेहता, विनोद तावड़े एवं विद्या ठाकुर, मराठवाड़ा से पंकजा मुंडे, विदर्भ से स्वयं फडऩवीस के अलावा सुधीर मुनगंटीवार, उत्तर महाराष्ट्र से एकनाथ खडसे, पश्चिम महाराष्ट्र से दिलीप कांबले एवं चंद्रकांत पाटिल तथा कोंकण से विष्णु सावरा को सरकार में शामिल किया गया है।

मोदी-उद्धव ने मिलाया हाथ

समारोह में सबकी नजर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे पर थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब अतिथियों से मिले तो उन्होंने ठाकरे से हाथ मिलाया और दोनों ने हंसते हुए बात भी की। कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे के पहुंचने पर लोगों के आश्चर्य का ठिकाना न रहा।

उद्धव को भाजपा ने न्योता तो दिया था, लेकिन सरकार में हिस्सेदारी पर गतिरोध के चलते उन्होंने कार्यक्रम के बहिष्कार की घोषणा कर रखी थी। शुक्रवार को समारोह के ठीक पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मनोनीत मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडऩवीस ने ठाकरे को फोन किया और आने के लिए मनाया।

ये नेता रहे उपस्थित

शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी एवं मुरली मनोहर जोशी भी राज्य की नई कैबिनेट को आशीर्वाद देने के लिए उपस्थित थे। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, गोवा के मनोहर पर्रिकर एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर भी शपथ ग्रहण के गवाह बने।

कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण एवं विधान परिषद के सभापति शिवाजीराव देशमुख, राकांपा से प्रफुल पटेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, छगन भुजबल एवं प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे शामिल हुए। अनिल अंबानी, पूनम ढिल्लन और विवेक ओबेरॉय भी दर्शक दीर्घा में बैठे देखे गए।

नाना पाटेकर को लौटना पड़ा

नाना पाटेकर स्टेडियम पहुंचकर भी भीड़ अधिक होने के कारण विशिष्ट जनों की दीर्घा तक नहीं पहुंच सके। उन्हें वहां से वापस जाते देखा गया। मोदी की विकास दृष्टि के प्रशंसक माने जानेवाले राज ठाकरे शपथग्र्रहण समारोह में नहीं आए। वह आज से महाराष्ट्र के दौरे पर निकल गए।

सात राज्यों में भाजपा सरकार

महाराष्ट्र में देवेन्द्र फडऩवीस के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही देश में भाजपा शासित राज्यों की संख्या सात हो गई है। अब महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गोवा, गुजरात और हरियाणा में भाजपा के मुख्यमंत्री हैं जबकि आंध्र प्रदेश और पंजाब में राजग के मुख्यमंत्री हैं।

पढें फडनवीस के शपथग्रहण समारोह से दूर रहेगी शिवसेना

पार्टी नेताओं से मिलने दिल्‍ली पहुंच फडनवीस