विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 22, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आजम पर प्रतिबंध के लिए लिखकर माफी मांगे चुनाव आयोग: मुलायम

By Edited By:
Updated: Tue, 22 Apr 2014 08:08 AM (IST)

अपने चुनाव क्षेत्र मैनपुरी के भोगांव में सोमवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि यदि आजम खां ने कहा देश की रक्षा में मुसलमानों ने महत्वपूर् ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ [जेएनएन]। अपने चुनाव क्षेत्र मैनपुरी के भोगांव में सोमवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि यदि आजम खां ने कहा देश की रक्षा में मुसलमानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तो क्या गलत कहा। क्या अब्दुल हमीद ने योगदान नहीं दिया था। यदि यह बात आजम कह दें तो अपराध है और मुलायम कहें तो कोई अपराध नहीं। यह पक्षपात है। मुझ पर भी प्रतिबंध लगा दो। चुनाव आयोग लिखित रूप से अपनी गलती स्वीकार करे। सपा प्रमुख ने हरदोई में भाजपा नेता नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा तो वहीं कन्नौज में अपनी बहू के पक्ष में हुई जनसभा में अगड़ी जातियों पर भी डोरे डाले।

मुलायम सिंह ने कहा कि देश में अस्सी फीसद विकास मुसलमान और किसानों ने किया है। सच्चर कमेटी की रिपोर्ट बताती है कि सबसे अधिक खराब हालत मुसलमानों की है। सपा सरकार बनेगी, तो हम इस रिपोर्ट को लागू करेंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दस साल में देश की हालत खराब हुई है। सीमाओं को भी खतरा पैदा हो गया। नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी साहब बहुत बड़े नेता हैं, लेकिन झूठा प्रचार कर रहे हैं। आज जितनी ज्यादा हालत गुजरात की खराब है, किसी अन्य राज्य की नहीं। वहां पीने के पानी तक का इंतजाम नहीं है।

हरदोई की जनसभा में भाजपा और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए सपा मुखिया ने भरोसा दिलाया कि सरकार तीसरे मोर्चे की ही बनेगी और सपा की महत्वपूर्ण भागीदारी होगी। कांग्रेस को भ्रष्ट सरकार बताते हुए उन्होंने योजना आयोग पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। कहा कि योजना आयोग गांव में 28 रुपये और शहर में 33 रुपये में पेट भर जाने की बात कहता है लेकिन असल में इतने रुपये से तो नाश्ता भी नहीं मिलेगा। कन्नौज के छिबरामऊ में सपा मुखिया ने कहा कि तीसरे मोर्चे की सरकार बनने पर ऊंची जाति के लिए भी एक आयोग का गठन कर ओबीसी की तरह सुविधाएं दी जाएंगी। वहीं 17 जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल कराने का बीड़ा सपा ने उठाया है। व्यापारियों पर डोरे डालते हुए कहा कि 10 लाख तक वाणिज्य कर में छूट दी जाएगी। सरकारी कर्मचारियों को लुभाने के लिए आयकर सीमा 2.5 लाख करने के साथ ही सेवानिवृत्त की आयु 65 वर्ष करने का भी वादा किया। सपा प्रत्याशी डिम्पल यादव ने विकास कराते रहने का भरोसा दिया। जनसभा के बाद दुष्कर्म में फांसी की सजा पर दिए बयान पर पत्रकारों के सवाल पर सपा मुखिया ने कहा कि महिलाएं उनसे नाराज नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सपा 40 सीटों पर जीतेगी और केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी।

पढ़ें : यूपी में नहीं चलेगा मोदी का झूठ : मुलायम