यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 06, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अब भगवान के दर पहुंचे किरण, केजरीवाल
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त हो गया है। मतदाताओं के बाद अब उम्मीदवार भगवान के दर पर माथा टेकने पहुंच रहे हैं। भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी आज अपने विधानसभा क्षेत्र कृष्णा नगर स्थित गुरुद्वारे में पहुंची। वहीं केजरीवाल आज अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त हो गया है। मतदाताओं के बाद अब उम्मीदवार भगवान के दर पर माथा टेकने पहुंच रहे हैं। भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी आज अपने विधानसभा क्षेत्र कृष्णा नगर स्थित गुरुद्वारे में पहुंची। वहीं केजरीवाल आज अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी धार्मिक स्थलों पर जाएंगे।
किरण बेदी शुक्रवार को सुबह ही कृष्णा नगर स्थित गुरुद्वारे में भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गई। यहां उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के लिए लंगर भी बनाया। किरण बेदी ने कहा, 'चुनाव प्रचार के दौरान कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की, इसलिए आज पूरा दिन मैं उन्हीं के साथ बिताऊंगी। शाम को एक पार्टी का भी आयोजन किया गया है।''
उधर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया कि वह आज पूरा दिन अपने निर्वाचन क्षेत्र के धार्मिक स्थलों पर जाएंगे। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'आज मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र के सभी मंदिर और गुरुद्वारों में जाऊंगा और भगवान से प्रार्थना करूंगा कि सच की जीत हो, आम आदमी की जीत हो।'
बता दें कि गुरुवार को दिल्ली विधानसभा के लिए प्रचार करने का समय समाप्त हो गया। आखिरी दिन सभी पार्टियों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। दिल्ली में 7 फरवरी को चुनाव हैं, जिसके परिणाम 10 फरवरी को आएंगे।

