विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने दिया इस्तीफा, मोदी-केजरीवाल को कहा- शुक्रिया

By Sachin BajpaiEdited By:
Updated: Thu, 22 Dec 2016 06:09 PM (IST)

दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

News Article Hero Image

दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इसके साथ ही उन्होंने उपराज्यपाल के पद पर अपने कार्यकाल के दौरान मदद और सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद भी कहा।

जंग ने दिल्ली की जनता को भी उनके सहयोग के लिए, खासतौर पर राष्ट्रपति शासन के दौरान उनका समर्थन करने के लिए शुक्रिया कहा है। उनका कहना है कि राष्ट्रपति शासन के दौरान जनता के सहयोग के कारण ही वे आसानी से दिल्ली के प्रशासन को संभाल पाए थे।

पढ़ें: शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ने की चाह में छोड़ा एलजी का पद

यही नहीं नजीब जंग ने दिल्ली के मौजूदा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी पिछले दो साल में उनके साथ काम करने के लिए धन्यवाद दिया है। इस्तीफे के बाद जंग अब एक बार फिर अपने पहले प्यार यानी शिक्षण के क्षेत्र में लौटने का मन बना रहे हैं।

बता दें कि नजीब जंग का कार्यकाल अभी करीब डेढ़ साल और बचा हुआ था। दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार के साथ उनकी ट्यूनिंग कभी जम नहीं पायी। मुख्यमंत्री केजरीवाल बार-बार जंग पर उनके कामों में टांग अड़ाने का आरोप लगाते रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के नेता और मशहूर कवि कुमार विश्वास ने नजीब जंग को शुभकामनाएं दी हैं। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रांची में शाम 7 बजे प्रेस कॉफ्रेंस करेंगे। केजरीवाल जंग के इस्तीफे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।

दूसरी तरफ दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि तमाम खट्ठे-मीठे अनुभवों के बावजूद कह सकता हूं कि नजीब जंग के साथ हमने मिलकर दिल्ली के लिए बहुत अच्छा काम किया।सिसोदिया ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि केजरीवाल और नरेंद्र मोदी जी के बीच में क्या डील हुई है, जिस वजह से नजीब जंग जी को जाना पड़ा? समय से पहले नजीबजंग के पद छोड़ने के पीछे क्या कारण है, यह केद्र सरकार को बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार किसी आरएसएस के नुमाइंदे को उपराज्यपाल बनाएगी तो हम उसका विरोध करेंगे।