विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 21, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राजनाथ सिंह ने कहा, 'धरती के स्वर्ग में जहर घोलने की कोशिश कर रहा पाक'

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Thu, 21 Jul 2016 08:41 PM (IST)Updated: Thu, 21 Jul 2016 09:41 PM (IST)

राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को भी चेतावनी दी कि जो दूसरे के घरों में आग लगाता है, वह खुद भी सुरक्षित नहीं रह सकता है।

News Article Hero Image

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के कुत्सित इरादों के बारे में देश को आगाह किया है। लोकसभा में कश्मीर के ताजा हालात पर चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने साफ कहा कि धरती के स्वर्ग में जहर घोलने की कोशिश पाकिस्तान कर रहा है। लेकिन एकजुट भारत के आगे वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सकेगा।

उन्होंने पाकिस्तान को भी चेतावनी दी कि जो दूसरे के घरों में आग लगाता है, वह खुद भी सुरक्षित नहीं रह सकता है। कश्मीर में घायल युवाओं को देश को नागरिक बताते हुए उन्होंने छर्रे वाली गोली के आगे इस्तेमाल पर विचार करने के लिए एक कमेटी बनाने का भी एलान किया। छर्रे वाली बंदूक के इस्तेमाल पर कांग्रेस के आरोपों का जबाव देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि यह पहली बार नहीं हुआ है। इसके पहले 2010 में छर्रे वाली बंदूक के इस्तेमाल से छह लोगों मारे गए थे, 198 लोगों की आंख में चोट लगी थी और कई लोग पूरी तरह से दृष्टिबाधित हो गए थे।

उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। लेकिन इस बार उग्र भीड़ को रोकने के लिए इस बंदूक के इस्तेमाल से केवल एक मौत हुई है, कुल 53 घायल हैं, जिनमें 23 की एक आंख में चोट लगी। यह दिखाता है कि इस बार सुरक्षा बलों ने इसके इस्तेमाल के समय कितने संयम से काम लिया है। इसके बावजूद सरकार ने इसके आगे इस्तेमाल पर राय देने के लिए एक विशेषज्ञ समिति बनाई है, जो यह देखेगी कि दूसरा विकल्प क्या है। दो महीने में इसकी रिपोर्ट आएगी। उन्होंने कश्मीर में अशांति के दौरान प्रधानमंत्री के विदेश दौरे पर होने के विपक्ष के सवालों का भी करारा जबाव दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि अफ्रीकी देशों के दौरे के बीच प्रधानमंत्री लगातार उनसे संपर्क में थे और कश्मीर के हालात की जानकारी ले रहे थे।

यही नहीं, उन्होंने हालात से निपटने के लिए कई सुझाव भी दिए थे। इसके बाद 12 जुलाई को लौटने के कुछ घंटों के भीतर ही प्रधानमंत्री ने उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर स्थिति की समीक्षा की थी। कश्मीर में पाकिस्तानी साजिश के खिलाफ पूरे देश के एकजुट होने का आह्वान करते हुए गृहमंत्री ने सुरक्षा बलों के खिलाफ दुष्प्रचार से सावधान रहने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि देश की एकता-अखंडता को बनाए रखने के लिए अपनी जान न्यौछावर करने वाले जवानों के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। सुरक्षा बलों के जवानों के मारे जाने पर लोग जश्न मनाते हैं। हमें ऐसी विकृत मानसिकता वाले लोगों को बदलना होगा। कश्मीर के हालात सुधारने का काम अकेले सरकार नहीं कर सकती। सभी लोगों को मिलकर इसके लिए काम करना चाहिए।

पाकिस्तान भारत में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहा है : राजनाथ सिंह

आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत, बांग्लादेश के साथः पीएम मोदी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।