विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 14, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

योगेंद्र, प्रशांत का ऐलान- सभी राज्‍यों में चलाएंगे स्‍वराज्‍य अभियान

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Tue, 14 Apr 2015 07:55 PM (IST)Updated: Wed, 15 Apr 2015 06:09 PM (IST)

आम आदमी पार्टी (आप) के बागी गुट के नेता योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण ने बुधवार को ऐलान किया कि ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के बागी गुट के नेता योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण ने बुधवार को ऐलान किया कि वे सभी राज्यों में जल्द ही स्वराज्य अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रो आनंद कुमार को इसका राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। योगेंद्र ने इससे संबंधित एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। योगेंद्र यादव अब देश भर में घूम कर इसे राजनीतिक पार्टी में बदलने की जमीन तलाश करेंगे।

इससे पहले मंगलवार को आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं के दबाव के बावजूद फिलहाल नई पार्टी बनाने की घोषणा नहीं की गई, क्योंकि प्रशांत भूषण सहित कई वरिष्ठ नेता इसके पक्ष में नहीं थे। मेधा पाटकर, अरुणा राय, धर्मवीर गांधी, कुलदीप नायर और क्रिस्टीना सामी जैसे अधिकांश नामी लोग बैठक में नहीं पहुंचे।

आप के बागी गुट के सूत्रों के मुताबिक अब योगेंद्र यादव विभिन्न राज्यों में जा कर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। अगले कुछ महीनों के दौरान विभिन्न राज्यों में संगठन को खड़ा किया जाएगा। इस दौरान मिलने वाली प्रतिक्रिया के बाद ही राजनीति में उतरने का एलान किया जाएगा। यादव के एक करीबी सहयोगी ने बताया, 'पार्टी तो बनानी ही है। लेकिन इसके पहले कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से तैयार करना होगा। इसके बाद एक और प्रतिनिधि सम्मेलन बुलाया जाएगा। उसी में राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा होगी।' उधर, प्रशांत भूषण का मानना है कि ऐसा कोई एलान जल्दबाजी में नहीं करना चाहिए।

मंगलवार को पूरे दिन चली कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान प्रस्ताव पारित कर स्वराज अभियान का गठन किया गया। प्रस्ताव में जहां इस संगठन का उद्देश्य वैकल्पिक राजनीति को मजबूत करना बताया गया है, वहीं इसके काम में चुनावी गतिविधियां शामिल नहीं हैं। इसे देश के ज्वलंत मुद्दों पर आंदोलन चलाने के साथ ही वैकल्पिक राजनीति के लिए कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षित करना है। संगठन के 49 संस्थापक सदस्यों की एक समिति गठित की गई है, जो इससे जुड़ेे सभी फैसले करेगी।

भूषण ने अपने भाषण में इसके संकेत भी दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सामने तीन विकल्प रखे। पार्टी के अंदर ही स्वराज कायम करने और कानूनी रास्ते से पार्टी का अधिकार हासिल करने के अलावा उनके पास नई पार्टी गठित करने का विकल्प खुला है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि 'ऐसा कोई एलान करने से पहले यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि हममें यह काबिलियत है।' पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ चुकीं नर्मदा बचाओ आंदोलन मेधा पाटकर, सूचना का अधिकार (आरटीआइ) कार्यकर्ता अरुणा राय, पार्टी के बागी सांसद धर्मवीर गांधी, पत्रकार कुलदीप नायर और राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर हुईं क्रिस्टीना सामी सहित अधिकांश प्रतिष्ठित लोगों ने इस बैठक से दूरी बनाए रखी। इनमें से अधिकांश लोगों ने अपना संदेश भेज कर शुभकामना भर दी। इन सभी के बैठक में शामिल होने का एलान पहले से किया गया था। हालांकि, दिल्ली से पार्टी के विधायक पंकज पुष्कर जरूर इसमें मौजूद रहे। इसी तरह पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से निकाले गए प्रो. आनंद कुमार और प्रो. अजीत झा यहां मौजूद थे।

बागियों को मिलेगा नोटिस

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव के नेतृत्व में हुई बागियों की बैठक में शामिल होने वालों को 'आप' बुधवार को कारण बताओ नोटिस जारी कर सकती है। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बुधवार को होने वाली बैठक में इस बात का फैसला किया जाएगा।

पार्टी प्रवक्ता आशुतोष ने कहा कि इस बैठक का पार्टी ने संज्ञान लिया है। जल्दी ही पार्टी की पीएसी की बैठक होगी। इसमें इस पर विचार होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात से गहरा दुख हुआ है कि हजारों स्वयंसेवकों ने दिन-रात की मेहनत से जिस तरह सांप्रदायिक ताकतों को दिल्ली में नेस्तनाबूद किया, उस पर एक शब्द का प्रस्ताव भी पारित नहीं हुआ।

पढ़ेंः भूषण और योगेंद्र ने मंच से कहा आप भटक गई है

पढ़ेंः ट्विटर पर मजाकः मोदी के जर्मनी दौरे को जोड़ा जर्मन शेपर्ड कुत्ते से

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।