विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

घर वापसी पसंद नहीं तो कानून बनाए सरकारः मोहन भागवत

By Sachin kEdited By:
Published: Sat, 20 Dec 2014 03:23 PM (IST)Updated: Sun, 21 Dec 2014 12:04 PM (IST)

धर्मांतरण के मुद्दे पर संसद में दो हफ्ते के हंगामे से बेपरवाह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण न्यूज नेटवर्क, कोलकाता। धर्मांतरण के मुद्दे पर संसद में दो हफ्ते के हंगामे से बेपरवाह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को साफ कर दिया कि संघ परिवार का घर वापसी कार्यक्रम नहीं रुकने जा रहा। जिसे इस पर आपत्ति हो वह धर्मातरण के खिलाफ कानून बनाए, जो पूरे देश के लोगों पर लागू हो।

अगर हिंदू बनने से लोगों को रोकना चाहते हैं तो यह भी सुनिश्चित करें कि कोई हिंदू भी दूसरे धर्म में नहीं ले जाया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि हमें किसी से डरने की जरूरत नहीं है, हम अपने देश में हैं और सभी को समझ लेना चाहिए कि भारत हिंदू राष्ट्र है। हिंदू अपनी धरती नहीं छोड़ेगा। पूर्व में जो जमीन हमारे पास से गई है-उसे भी लेने का प्रयास किया जाएगा।

शनिवार को यहां आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन में सर संघचालक ने विश्व हिंदू परिषद के घर वापसी कार्यक्रम का विरोध करने वालों को आड़े हाथ लेते हुए कहा, अगर कभी किसी ने हमारी संपत्ति की चोरी की है और अब हम उसे बरामद करके वापस ले रहे हैं, तो उसमें गलत क्या है ?

हमारा उद्देश्य हिंदू समाज को मजबूत बनाना है। अगर आपको यह पसंद नहीं तो संसद कानून बनाए। गौरतलब है कि संसद में हुए हंगामे पर संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू ने कहा है कि वह धर्मातरण के मामले पर चिंतित हैं। वह इस पर रोक लगाने के लिए कानून बनाने के पक्षधर हैं। विपक्ष अभी भी धर्मातरण पर प्रधानमंत्री के वक्तव्य की मांग कर रहा है।

भागवत ने कहा, हिंदू समाज किसी को दबाना नहीं चाहता। बांग्लादेश और पाकिस्तान में हिंदू अपराध सह रहा है। ईश्वर ने साफ कहा है कि जब सौ से ज्यादा अपराध हो जाएं तो फिर उसे मत सहो। उन्होंने याद दिलाया कि कभी भारत का हिस्सा रहे पाकिस्तान में इसीलिए हिंदुओं की संख्या कम होती चली गई क्योंकि वे वहां पर शांति से रहने के बावजूद सुरक्षित नहीं हैं। 1947 में 'कुछ होने' से पाकिस्तान बना है। पाकिस्तान स्थायी नहीं है।

परिवर्तन होने में अब ज्यादा समय नहीं है। संघ प्रमुख ने कहा कि जब तक देश में हिंदू मजबूत रहेगा, तब तक इस देश का वजूद रहेगा। अब हिंदू समाज अपनी संपत्ति और सम्मान की रक्षा करने में सक्षम है, इसलिए किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। पूरी दुनिया की भलाई के लिए हिंदू समाज का मजबूत रहना आवश्यक है।

हिंदू नहीं बचेंगे तो कोई दल नहीं बचेगा : तोगडि़या

सभा में विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगडि़या ने धर्मांतरण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव के रवैये पर सवाल उठाया। उनका सवाल था कि मुलायम सिंह यादव धर्मातरण का विरोध कर रहे या हिंदुओं का। उन्होंने कहा कि बहुसंख्यक हिंदुओं के बिना कोई शासन नहीं कर सकता है। हिंदू नहीं बचेंगे तो माकपा, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस भी नहीं बचेगी।

जन्म से सभी हिंदू: वासुदेवाचार्य

वृंदावन। बद्रिका आश्रम के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद महाराज ने 'घर वापसी' के आलोचकों को करारा जवाब देते हुए कहा है कि जन्म से सभी हिंदू होते हैं। वृंदावन के फोगला आश्रम में शनिवार को संत सम्मेलन में आए शंकराचार्य ने पत्रकारों से कहा कि अपने ही देश में हिंदुओं को अल्पसंख्यक बनाने के लिये जो लोग साजिश रचते हैं, वे राजनीतिक दलों को नजर नहीं आते। उन्हें यह भी नहीं पता कि मूल में सभी हिंदू हैं, बाद में उनको अलग-अलग धर्म का चोला पहनाया जाता है।

अयोध्या पर कोर्ट का निर्णय मान्य: बल्लभाचार्य

जगदगुरु बल्लभाचार्य बल्लभ राय महाराज (सूरत पीठ) ने शनिवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जब तक न्यायालय का कोई आदेश नहीं आ जाता, मंदिर निर्माण के मामले में सभी को शांत रहना चाहिए। बल्लभाचार्य ने कहा कि देश के अनेक हिस्सों में अपना धर्म बदलने के लिए हिंदू बहलाए-फुसलाए जाते हैं। इस पर देश के सभी राजनीतिक दलों को विचार करने की जरूरत है। गंगा-यमुना में बढ़ते प्रदूषण का जिक्र करते हुए कहा कि नासिक में गोदावरी नदी की भी यही स्थिति है।

पढ़ेंः धर्म परिवर्तन पर पहली बार बोले अमित शाह

रायबरेली में धर्मांतरण के लिए उकसा रहे दो लोग पकड़े गए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।