विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 30, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केजरीवाल ने कहा था- 'आप में मैं रहूंगा या प्रशांत-योगेंद्र'

By Rajesh NiranjanEdited By:
Published: Mon, 30 Mar 2015 06:16 AM (IST)Updated: Mon, 30 Mar 2015 09:37 AM (IST)

आम आदमी पार्टी (आप) की शनिवार को हुई राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पार्टी संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। आम आदमी पार्टी (आप) की शनिवार को हुई राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पार्टी संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिए गए भाषण का वीडियो फुटेज जारी कर दिया गया है। भाषण में केजरीवाल ने संस्थापक सदस्यों प्रशांत भूषण व योगेंद्र यादव पर जोरदार हमला बोलने के साथ ही यह एलान भी किया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में या तो वह रहेंगे या फिर ये दोनों। पार्टी बनाने में किए गए संघर्ष की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा है कि उन्होंने जान जोखिम में डालकर यह पार्टी बनाई है, इसलिए वह इसे बिखरने नहीं देंगे।

प्रशांत व योगेंद्र ने रची साजिश

केजरीवाल ने प्रशांत भूषण व योगेंद्र यादव पर धोखाधड़ी व साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता पिछले एक साल से उन्हें संयोजक पद से हटाने तथा विधानसभा चुनाव में हराने की राजनीति करते रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण की सभी मांगें मान ली गईं थी लेकिन ये अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करना चाहते थे। पार्टी को सुधारने का इन नेताओं का कोई मकसद नहीं है।

अपनों ने घोंपा पीठ में छुरा

केजरीवाल ने कहा कि अपनों ने उनकी पीठ में छुरा घोंपा है। वह राजनीति में भ्रष्टाचार के खिलाफ लडऩे के लिए आए हैं न कि अपनों से लडऩे के लिए। केजरी ने कहा कि वह गडकरी, अंबानी और मोदी से तो लड़ सकते हैं लेकिन प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव से नहीं लड़ सकते। इन दोनों ने जो किया इससे आप को नुकसान और भाजपा व कांग्रेस को फायदा हुआ है।

खून से सींचा है पार्टी को

आप संयोजक ने कहा कि इस पार्टी को उन्होंने अपने खून से सींचा है और इसे बर्बाद नहीं होने देंगे। मधुमेह का मरीज होने के बावजूद 15 दिन तक अनशन करने के बाद आप का गठन हुआ था। अनशन के दौरान उनके शरीर में कीटोन का लेवल खतरनाक स्थिति में पहुंच गया था और उनके बचने की उम्मीद खत्म हो गई थी। उनकी पत्नी और माता-पिता रो रहे थे लेकिन उन्होंने अनशन नहीं तोड़ा था।

हरियाणा में क्यों नहीं लागू किया स्वराज

केजरीवाल ने हरियाणा से आए सदस्यों से सवाल किया कि योगेंद्र यादव जिन सिद्धांतों और स्वराज की बात करते हैं क्या हरियाणा इकाई के प्रमुख होने के नाते उन्होंने इस पर काम किया। हरियाणा से आए पार्टी के करीब 25 से 29 प्रतिनिधियों ने केजरीवाल के सवाल पर हाथ उठाकर इस बात से इन्कार किया।

जीतने के लिए राजनीति करता हूं

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह राज्यों में चुनाव लड़ेंगे लेकिन जीतने के लिए। हम हर उस राज्य में चुनाव लड़ेंगे जहां हमारे कार्यकर्ता मजबूत हैं और बूथ प्रबंधन अच्छा है।

मेरे विधायक हीरा हैं: अरविंद

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। आम आदमी पार्टी (आप) के कई विधायकों पर भले ही गंभीर आरोप लगे हों लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नजरों में उनके सभी विधायक हीरा हैं। केजरीवाल ने पार्टी के संस्थापक सदस्य शांति भूषण और प्रशांत भूषण द्वारा दिल्ली के लगभग एक दर्जन विधायकों पर लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया है। गौरतलब है कि शांति भूषण व प्रशांत भूषण ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान आप के कई उम्मीदवारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें टिकट नहीं देने की मांग की थी लेकिन उनकी शिकायत को नजरअंदाज कर दिया गया था। चुनाव जीतने के बाद भी प्रशांत भूषण ने दागी विधायकों की जांच कराने की मांग की थी लेकिन केजरीवाल ने इसे खारिज कर दिया था। केजरीवाल का कहना है कि प्रशांत भूषण विधायकों पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।

रमजान ने दर्ज कराई शिकायत

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय समिति के सदस्य रमजान चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने और हॉल से घसीटकर बाहर ले जाने की शिकायत कापसहेड़ा थाने में दर्ज कराई है। रमजान चौधरी के साथ शनिवार को आप की राष्ट्रीय परिषद की बैठक के दौरान मारपीट की गई थी। रमजान ने बताया कि बैठक के दौरान मेरे साथ बुरा व्यवहार किया गया। मुझे बेइज्जत करने के साथ-साथ चार-पांच बाउंसरों ने घसीटकर बैठक कक्ष से बाहर निकाला। इस दौरान मैं चिल्लाता रहा, लेकिन कोई भी मदद को सामने नहीं आया। कुछ कार्यकर्ताओं ने भी मेरे साथ धक्का-मुक्की की। मैं बुरी तरह घायल हो गया था। यह सब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सामने हो रहा था।

पढ़ेंः आप अन्य पार्टियों से भी बदतर पार्टी बन गई हैः उमेश सिंह

पढ़ेंः अभी और भड़केगी 'आप' की आग, टूट सकते हैं कई विधायक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।