विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 31, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अमेरिकी चुनाव: सर्वेक्षण में पहली बार हिलेरी से आगे निकले ट्रंप

By Atul GuptaEdited By:
Published: Wed, 31 Aug 2016 08:13 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 31 Aug 2016 08:43 PM (GMT+05:30)

डेमोक्रेटिक उम्मीदवार को पीपीपी (डी) के सर्वे में पांच, एनबीसी न्यूज के सर्वे में छह और मानमाउथ यूनिवर्सिटी के सर्वेक्षण में सात फीसद की बढ़त बताई गई है।

News Article Hero Image

वाशिंगटन, प्रेट्र। आठ नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए अमेरिका में मुकाबला दिनोंदिन कड़ा होता जा रहा है। पहली बार किसी सर्वेक्षण में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप अपनी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन से आगे निकलने में कामयाब हुए हैं। लॉस एंजिलिस टाइम्स/यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ कैरोलिना के ताजा सर्वे में उन्हें हिलेरी पर तीन फीसद की बढ़त मिली है। हालांकि तीन अन्य राष्ट्रीय सर्वेक्षणों में अभी भी हिलेरी आगे चल रही हैं।

डेमोक्रेटिक उम्मीदवार को पीपीपी (डी) के सर्वे में पांच, एनबीसी न्यूज के सर्वे में छह और मानमाउथ यूनिवर्सिटी के सर्वेक्षण में सात फीसद की बढ़त बताई गई है। सभी सर्वेक्षणों पर नजर रखने वाली रियल क्लियर पॉलिटिक्स ने उनकी औसत बढ़त नौ फीसद बताई है। लेकिन, ये सभी सर्वेक्षण हिलेरी की लोकप्रियता में लगातार गिरावट का भी संकेत दे रहे हैं। इस महीने की शुरुआत में ट्रंप पर उन्हें 13 फीसद की बढ़त मिली थी।

इसके बावजूद अब भी हिलेरी की जीत की संभावना ज्यादा है। इसका कारण पेंसिल्वेनिया, फ्लोरिडा, ओहायो, आयोवा, नेवादा, न्यू हेम्पशायर, मिशिगन, वर्जीनिया, जॉर्जिया और नार्थ कैरोलिना जैसे महत्वपूर्ण राज्यों में उनकी बढ़त बरकरार रहना है। इन राज्यों में उन्हें अपने प्रतिद्वंद्वी पर औसतन 10 फीसद की बढ़त प्राप्त है।

विरोध में एशियाई

एशियाई मूल के अमेरिकियों ने ट्रंप के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एशियन-अमेरिकन एंड पैसिफिक आइलैंडर्स (एएपीआइ)ने मुसलमानों को लेकर उनके बयान पर एतराज जताया है। चुनाव अभियान की शुरुआत में एएपीआइ ने रिपब्लिकन उम्मीदवार का समर्थन किया था।

जाएंगे मेक्सिको

ट्रंप मेक्सिको का दौरा करेंगे जहां वह राष्ट्रपति एनरिक पेना नीटो से मुलाकात करेंगे। मेक्सिको सीमा पर दीवार बनाने, वहां के नागरिकों को ड्रग डीलर व अपराधी करार देने जैसे ट्रंप कई विवादित बयान दे चुके हैं। नीटो के कार्यालय ने उनके दौरे की पुष्टि करते हुए बताया है कि हिलेरी को भी मुलाकात का आमंत्रण भेजा गया था।

पढ़ें- तेजी से घट रहा हिलेरी क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच का फासला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।