यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मायावती बौखलाई, डरी और अनर्गल प्रलाप करने वालीः विपक्ष
बसपा रैलियों में भीड़ और मायावती के आरोपों पर आज कांग्रेस ने मायावती को बौखलाई, भाजपा ने डरी-सहमी और सपा ने अनर्गल प्रलाप करने वाली बताया।

लखनऊ (जेएनएन)। सपा भाजपा और कांग्रेस ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सहारनपुर रैली पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और रैलियों में मायावती द्वारा लगाए आरोपों का करारा जवाब दिया। कांग्रेस ने मायावती को बौखलाई, भाजपा ने डरी-सहमी और सपा ने अनर्गल प्रलाप करने वाली बताया।
बसपा प्रमुख ने जंगलराज के लिए सपा सरकार को दोषी ठहराया
मायावती के बयान अनाप-शनाप
कांग्रेस के प्रदेश कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन व पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी ने कहा कि मायावती बौखला गई हैं। त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी की किसान यात्रा और राजबब्बर व शीला दीक्षित के नेतृत्व में चल रही यात्राओं में उमड़ती भीड़ को देखकर मायावती घबरा गई हैं, इसलिए अनाप-शनाप बयान दे रही हैं। शीला दीक्षित ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में दिल्ली को जिस तरह विकसित करके नंबर एक बनाया, उस अनुभव का लाभ उत्तर प्रदेश की जनता को मिलेगा। त्रिपाठी ने कहा कि मायावती की हकीकत प्रदेश की जनता बखूबी जानती है। टिकटों की खरीद फरोख्त करने वालों को कांग्रेस पर कीचड़ उछालने की आवश्यकता नहीं है। त्रिपाठी ने बसपा की रैलियों को फ्लाप व बेअसर करार दिया।
बसपा के उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने पर आएंगे अच्छे दिन : मायावती
मायावती कर रहीं अखिलेश का बचाव : भाजपा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मायावती अब मजबूर हो गयी हैं। नसीमुद्दीन सिद्दीकी को पाक्सो एक्ट से बचाने के लिए भतीजे अखिलेश यादव की असफलता पर एक शब्द भी बोलने से कतरा रही हैं। सहारनपुर की रैली में उन्होंने सपा पर पांच-छह मिनट बोलकर औपचारिकता पूरी कर ली जबकि इस सरकार से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। वरिष्ठ मंत्री आजम खां ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान किया और भाजपा के प्रदर्शन के बाद मायावती ने प्रतिक्रिया दी। बेहतर होता कि इस अपमान पर वह सड़क से लेकर संसद तक खड़ी होतीं। मायावती डरीसहमी हैं और वह लोकायुक्त जांच में फंसे दर्जनों मंत्रियों को बचाने के लिए भतीजे से मिलीभगत कर चुकी हैं। इसी समझौते में वह दलितों का उत्पीडऩ भी करा रही हैं। केशव ने कहा कि कांग्रेस पर हमला करने वाली मायावती ने लगातार 10 वर्षों तक कांग्रेस का समर्थन किया है ।
उत्तर प्रदेश के अन्य समाचार पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
भाजपा और बसपा में अघोषित गठबंधन : सपा
सपा के प्रदेश प्रवक्ता और राज्य सरकार के मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि बसपा प्रमुख अपनी आदत से मजबूर हैं। जनहित की बात करने के बजाय वह बस समाजवादी सरकार को बदनाम करने और झूठे अनर्गल आरोप लगाने को ही अपनी राजनीति समझती हैं। उनकी रैलियों का उद्देश्य सिर्फ जातीय और सांप्रदायिकता को विस्तार देना है, क्यों किभाजपा और बसपा का अघोषित गठबंधन बना ही इसीलिए है। समाजवादी सरकार के खिलाफ वे वहीं पुरानी कहानी सुनाकर अपने ही मतदाताओं को गुमराह करने में लगी रहती है। कायदे से बसपा अध्यक्ष को इधर उधर की बात करना छोड़ देना चाहिए।

