विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 04, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भाजपा की परिवर्तन यात्रा के रथ से आगे-आगे चलेंगे परिवर्तन के सारथी

By Nawal MishraEdited By:
Updated: Sat, 05 Nov 2016 07:06 PM (IST)

भाजपा चार दिशाओं से परिवर्तन रथ निकलने जा रही है। रथ पहुंचने से पहले गांवों में परिवर्तन चौपालों में परिवर्तन सारथी उपयुक्त माहौल तैयार करने का काम करेंगे।

News Article Hero Image

लखनऊ (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी चार दिशाओं से अपना परिवर्तन रथ निकलने जा रही है। परिवर्तन यात्रा का रथ पहुंचने से पहले गांवों में परिवर्तन चौपालों में परिवर्तन सारथी उपयुक्त माहौल तैयार करने का काम करेंगे। परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ सहारनपुर से शनिवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। रविवार को झांसी में अमित शाह के साथ गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, उमा भारती व थावर चंद गहलोत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा व पिछड़ा वर्ग मोचा के अध्यक्ष एसपी सिंह बघेल मार्गदर्शन करेंगे। मंगलवार को सोनभद्र और बुधवार को बलिया से यात्रा शुरू होगी।

देखें तस्वीरें : अखिलेश यादव की विकास से विजय की ओर यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

मोदी के विकास योजनाओं पर फोकस

परिवर्तन यात्रा का रथ पहुंचने से पहले गांवों में परिवर्तन चौपालों में परिवर्तन सारथी हिंदुत्व और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कुछ बिंदुओं के जरिये माहौल बनाएंगे। इसमें मोदी के विकास योजनाओं पर भी फोकस होगा। परिवर्तन यात्रा का माहौल बनाने के लिए भाजपा ने यह रणनीति तैयार की है। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद केंद्र सरकार का क्रेज बढ़ा है। शहर से लेकर गांवों तक सेना और सरकार के कार्यों की प्रशंसा हो रही है। इसको परिवर्तन यात्रा से जोडऩे के लिए भाजपा ने चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम तैयार किया है।

पूर्व मंत्री बादशाह सिंह ने थाम लिया कांग्रेस का दामन

क्षेत्र के अनुरूप मुद्दों पर जोर

भाजपा अपने क्षेत्र के अनुरूप मुद्दे जनता के बीच उठाती हुई परिवर्तन रथ लेकर आगे बढ़ेगी। इनमें कैराना प्रकरण, मथुरा का जवाहर बाग, बुलंदशहर का हाइवे दुष्कर्म, महिला अपराध, मैनपुरी में दलित की हत्या, बिसाहड़ा कांड, भर्ती में धांधली, मनरेगा घोटाला, अवैध खनन, मुजफ्फरनगर दंगा, आतंकियों की रिहाई, सांप्रदायिक बवाल, कानून-व्यवस्था, लोकसेवा आयोग में धांधली, मा.शिक्षा आयोग में धांधली, बसपा-सपा सरकार के घोटाले, बिजली आपूर्ति, किसानों की समस्या, युवाओं की बेराजगारी और दलितों पर अत्याचार जैसे मामलों पर जनता से अपना नजरिया साझा करेगी।

पढ़ें- राहुल गांधी व अरविंद केजरीवाल सियासी पाखंड के पासवर्ड : नकवी

परिवर्तन सारथी में युवाओं को तरजीह

युवा मोर्चा और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को मंडल, जिला और क्षेत्र स्तर पर प्रशिक्षित कर उन्हें परिवर्तन सारथी का नाम दिया गया है। भाजपा के प्रदेश मंत्री और बलिया यात्रा के प्रभारी कामेश्वर सिंह बताते हैं कि भाजपा के हर क्षेत्र में ढाई-ढाई हजार प्रशिक्षित युवा कार्यकर्ताओं को वातावरण सृजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश भर में 15 हजार परिवर्तन सारथी यात्रा के हफ्ते भर पहले से ही माहौल बनाने का काम कर रहे हैं। इनको कम से कम 50 हजार चौपाल लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सपा-बसपा पर रहेंगे हमलावर

जिस रास्ते से यात्रा गुजरेगी उस राह में पडऩे वाले गांव और कस्बों में भाजपा की विचारधारा से जुड़े लोगों की सूची तैयार की गई है। परिवर्तन सारथी ऐसे लोगों के जरिये गांव और कस्बों में चौपाल लगाएंगे। इस चौपाल में देश-प्रदेश के मुद्दों के अलावा परिवर्तन सारथी यह भी चर्चा करेंगे कि कैसे 14 वर्षों से सूबे में बसपा और सपा की सरकारों ने अंधेरगर्दी मचाई है। इन युवाओं को बसपा सरकार में हुए स्मारक घोटाला, एनआरएचएम घोटाला, लैकफेड घोटाला और सपा सरकार में गुंडागर्दी और अराजकता के साथ ही लगातार पुलिस पर होने वाले हमलों का आंकड़ा दिया गया है।

मशाल जुलूस और प्रतिमा की सफाई

परिवर्तन सारथी भगवा टी-शर्ट पहनेंगे। जिस क्षेत्र से यात्रा गुजरेगी उस राह में पडऩे वाले महापुरुषों की प्रतिमा की सफाई और रास्ते को सजाने की भी जिम्मेदारी इन्हें ही सौंपी गई है। यात्रा की पूर्व संध्या पर मशाल जुलूस निकालकर वातावरण बनाने का भी काम करेंगे।