विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्‍तराखंड: पूर्व मंत्री हरक सिंह की पत्‍नी समेत दो कांग्रेस नेत्री पार्टी से बर्खास्‍त

By gaurav kalaEdited By:
Published: Sat, 10 Sep 2016 10:40 PM (IST)Updated: Tue, 13 Sep 2016 07:00 AM (IST)

भाजपा की पर्दाफाश रैली में हरक सिंह का सीएम हरीश रावत पर कटाक्ष का बदला कांग्रेस पार्टी ने ले लिया। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: भाजपा नेता व उत्तराखंड के पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत से मुख्यमंत्री हरीश रावत का बदला लेने का सिलसिला जारी है। प्रदेश कांग्रेस ने हरक सिंह की पत्नी समेत दो नेत्रियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
कांग्रेस पार्टी से बाहर होने वाली नेत्रियों में पहली हैं पौड़ी जिला पंचायत अध्यक्ष और हरक सिंह रावत की पत्नी दीप्ती रावत। दूसरी हैं रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए दोनों को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस के दामन से जिला पंचायत के दो अध्यक्ष पद भी छिटक गए हैं।

पढ़ें: 2019 में राजनीति से संन्यास लेंगे भगत सिंह कोश्यारी
हरक सिंह और सीएम के बीच का वार
कांग्रेस से बगावत कर भाजपा का दामन थामने वाले पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और मुख्यमंत्री हरीश रावत के बीच ठनी हुई है। हरक सिंह गाहे-बगाहे मुख्यमंत्री पर निशाना साधने से चूक नहीं रहे हैं। यही नहीं भाजपा की पर्दाफाश रैलियों में उनकी सक्रियता कांग्रेस को फूटी आंख सुहा नहीं रही है।
कांग्रेस में हरक सिंह के चहेतों को पार्टी काफी पहले से ही निशाना बना रही है। पार्टी से बगावत करने वाले सभी पूर्व विधायकों के जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस में उनके करीबियों पर गाज गिर चुकी है।
खासतौर पर हरक के करीबियों पर प्रहार करने में कांग्रेस रहम के मूड में नहीं है। इस कड़ी में अब दो जिला पंचायत अध्यक्ष भी आ गई हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष के अहम ओहदे के कारण कांग्रेस उक्त दोनों नेत्रियों पर कार्यवाही से गुरेज कर रही थी।

पढ़ें: भ्रष्टाचार का पर्याय बनी मेरा गांव मेरी सड़क योजना
अब पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आधार पर भाजपा नेता हरक सिंह रावत की पत्नी दीप्ती रावत और रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा को कांग्रेस से छह साल के लिए निष्कासित किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ आरपी रतूड़ी ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पौड़ी व रूद्रप्रयाग जनपद के वरिष्ठ कांग्रेसजनों तथा दोनों जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों ने दीप्ती रावत और लक्ष्मी राणा को निष्कासित करने की संस्तुति की थी। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेता हरक सिंह रावत की 12 सितंबर को श्रीनगर में प्रस्तावित पर्दाफाश रैली में उक्त दोनों महिला नेत्रियों के भाजपा में शामिल होने की सूचना कांग्रेस को मिली थी। इस वजह से कांग्रेस ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखाना मुनासिब समझा। उधर, भाजपा नेता हरक सिंह रावत ने कांग्रेस की इस कार्यवाही को उसकी बौखलाहट करार दिया है।

पढ़ें: आगामी चुनाव में फिर से लहराएगा कांग्रेस का परचमः हरीश रावत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।