यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
साइकिल रैली के दौरान एक विदेशी प्रतिभागी दुर्घटना में घायल
पर्यटन विभाग की ओर से शुरू की गई माउंटेन साइकिल रैली के दौरान कार से टकराकर रिपब्लिक ऑफ मॉलदोवा देश के साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे दून अस्पताल रेफर किया गया है।

टिहरी, [जेएनएन]: साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से शुरू की गई माउंटेन साइकिल रैली के दौरान कार से टकराकर रिपब्लिक ऑफ मॉलदोवा देश के साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून के दून अस्पताल रेफर किया गया है।
पूर्वी यूरोप के एक देश रिपब्लिक ऑफ मॉलदोवा निवासी 30 वर्षीय वैसिल कैपसेक पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित माउंटेन साइकिल रैली में प्रतिभाग कर रहे थे। शुक्रवार को गंगोत्री हाईवे पर रत्नौगाड़ के पास अचानक कैपसेक की साइकिल विपरीत दिशा से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार से टकरा गई। जिससे वह घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार एसएल लेखवार ने आपातकालीन सेवा 108 के माध्यम से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छाम पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि घायल की नाक व घुटने में गंभीर चोट आई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद दून अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत खतरे से बाहर है।

