Ather Konarc First Ride: कैसा है एथर कोनार्क इलेक्ट्रिक स्कूटर, क्या खरीदने में होगा फायदा?
Ather Konarc First Ride Review: एथर की ओर से इलेक्ट्रिक स्कूटर के तौर पर कोनार्क को हाल में ही लॉन्च ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय बाजार में एथर की ओर से इलेक्ट्रिक स्कूटर के तौर पर 29 अगस्त को ही कोनार्क को लॉन्च किया गया है। निर्माता की ओर से इस स्कूटर के S वेरिएंट को भी ऑफर किया गया है। पहली बार इस स्कूटर को चलाने के दौरान हमें इसमें क्या खासियत और क्या कमियां समझ आईं। क्या इसे (Ather Konarc First Ride Review) खरीदना आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है या नहीं? हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।

कैसा है Ather Konarc
एथर की ओर से भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में वैसे तो कई विकल्प ऑफर किए जाते हैं, लेकिन निर्माता ने हाल में ही फैमिली स्कूटर के तौर पर कोनार्क को बिक्री के लिए उपलब्ध करवाया गया है। इस स्कूटर के S वेरिएंट को हमने कुछ समय के लिए चलाया। इस दौरान हमने इसे शहर के ट्रैफिक, खुली सड़कों पर भी चलाकर देखा। निर्माता की ओर से इस स्कूटर के डिजाइन पारंपरिक ICE स्कूटर्स की तरह रखा गया है, लेकिन फिर भी सड़क पर नए रंगों और लाइट्स की बदौलत यह अपनी मौजूदगी दिखाने में कामयाब रहता है।

कैसे हैं फीचर्स
निर्माता की ओर से इस स्कूटर को मेटल बॉडी के साथ ऑफर किया गया है जो इसके साइड पैनल्स के तौर पर मिलते हैं। बाकी हिस्से को पहले की तरह ही एबीएस जैसे मेटिरियल के साथ ऑफर किया गया है। मेटल पैनल्स पर ही निर्माता ने कोनार्क की बैजिंग भी दी है। साथ ही इस स्कूटर में 31 लीटर की क्षमता का बूट स्पेस दिया है, जो इसके सभी वेरिएंट्स में एक समान है। इसी के साथ फ्रंट में भी बोतल या फोन जैसे सामान को रखने की जगह दी गई है। आगे की ओर 14 इंच अलॉय व्हील्स के साथ डिस्क ब्रेक दिए गए हैं तो पीछे 12 इंच टायर के साथ ड्रम ब्रेक मिलते हैं। स्कूटर में बड़ी सी एलईडी डीआरएल दी गई है और आयताकार डिजाइन में एलईडी हेडलाइट मिलती है। साथ में स्कूटर में चौड़ी सीट, चलाने के लिए एस ईको, ईको और पावर मोड्स दिए गए हैं। साथ ही इसमें रिवर्स और फॉर्वर्ड मोड के लिए बटन भी दिया गया है, जो इसे एक उपयोगी स्कूटर के तौर पर ऑफर करने में मदद करते हैं।

कैसा है प्रदर्शन
हमें इस स्कूटर के 3.5 kWh बैटरी वाले वर्जन को करीब 40 किलोमीटर चलाने का मौका मिला। इस दौरान हमने इसे शहर के ट्रैफिक और खुली सड़कों पर चलाया और इसकी बैटरी और मोटर के प्रदर्शन को परखने की कोशिश की। स्कूटर को एस ईको मोड में चलाते हुए सबसे ज्यादा रेंज मिली, लेकिन इस मोड में ज्यादा पावर नहीं थी। ऐसा इसलिए भी क्योंकि यह मोड ईको से भी नीचे दिया गया है। इसका काम तभी होगा जब स्कूटर को काफी ज्यादा ट्रैफिक में चलाना होगा। इसके बाद ईको मोड में रेंज और प्रदर्शन को काफी बैलेंस तरीके से रखने की कोशिश की गई है। इस मोड में स्कूटर को आसानी से 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड तक चलाया जा सकता है। वहीं इसके पावर मोड में इसे अधिकतम 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड पर चलाया जा सकता है। अभी इस स्कूटर को हमनें सीमित समय में सीमित किलोमीटर के दौरान ही चलाया, इसलिए इसकी रेंज टेस्ट और सामान रखने के साथ स्कूटर चलाने का टेस्ट नहीं हो पाया, लेकिन यह भी हम जल्द ही आपके लिए लेकर आएंगे।

फाइनल वर्डिक्ट
अगर आपको ऐसा स्कूटर चाहिए जो न सिर्फ आपको मेटल बॉडी और जरुरत के सभी फीचर्स के साथ अच्छी फिनिशिंग के साथ सफर करने का अनुभव कम बजट में दे। साथ ही अच्छी हैंडलिंग भी मिले तो एथर के कोनार्क इलेक्ट्रिक स्कूटर के S वेरिएंट को खरीदा जा सकता है। लेकिन अगर आप एक ही दिन में 100 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करते हैं और इसके लिए आप थोड़ा ज्यादा खर्च कर सकते हैं तो आप इसके अन्य वेरिएंट्स या अन्य विकल्पों पर विचार कर सकते हैं।
