अररिया में 50000 की रिश्वत के साथ उद्योग विभाग के GM गिरफ्तार, निगरानी विभाग की कार्रवाई
निगरानी विभाग ने अररिया में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें
-1786191527795_m.webp)
गिरफ्तार महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल। (जागरण)
HighLights
उद्योग महाप्रबंधक अनिल मंडल 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार।
निगरानी विभाग ने मशीन सप्लायर की शिकायत पर की कार्रवाई।
अररिया के शिवपुरी स्थित किराए के आवास से हुई गिरफ्तारी।
संवाद सूत्र, अररिया। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत के साथ गिरफ्तार की है।
निगरानी विभाग के डीएसपी सतीश चंद्र माधव के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई शनिवार की सुबह करीब नौ बजे महाप्रबंधक के शिवपुरी स्थित उनके किराए के आवास पर की। गिरफ्तारी के बाद उन्हें जिला अतिथि गृह लाया गया। जहां डीएसपी ने मीडिया को इसकी जानकारी दी।
निगरानी विभाग के डीएसपी सतीश चंद्र माधव ने बताया कि मशीन सप्लायर कमरे आलम ने महाप्रबंधक के खिलाफ रिश्वत (कमीशन) मांगने की शिकायत निगरानी में की थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उद्योग लगाने के लिए मशीनों की आपूर्ति के एवज में महाप्रबंधक द्वारा कमीशन की मांग की जा रही है।
शिकायतकर्ता अररिया निवासी कमरे आलम के अनुसार, उद्योग स्थापित करने को लेकर विभिन्न लोगों को करीब 17 लाख की मशीनों की आपूर्ति की गई थी।
इसके एवज में महाप्रबंधक द्वारा पांच प्रतिशत की दर से 85 हजार कमीशन की मांग की जा रही थी। चूंकि कमरे आलम रिश्वत नहीं देना चाह रहे थे, इसलिए इन्होंने इस मामले की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना से की थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने आरोपों की जांच और सत्यापन ब्यूरो के अधिकारियों से कराई। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए।
इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत सात अगस्त को अनिल कुमार मंडल को अभियुक्त बनाकर निगरानी थाना कांड संख्या 95/26 दर्ज किया गया। जिसके बाद डीएसपी सतीश चंद्र माधव के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया।
अलमारी में मिले 50 हजार
धावा दल ने अररिया स्थित महाप्रबंधक के किराए के मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान उनके बेड रूम के बगल में अलमारी से 50 हजार की रिश्वत की राशि बरामद की गई।
इसके बाद निगरानी विभाग की टीम ने अनिल कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया। निगरानी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार महाप्रबंधक के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई के बाद उद्योग विभाग से जुड़े लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
खबरें और भी
विदित हो कि अनिल कुमार मंडल ने अररिया उद्योग विभाग में महाप्रबंधक के पद पर 14 जुलाई 26 को योगदान दिया था। इसके पूर्व वे किशनगंज में इसी पद पर पदस्थापित थे।
वे वर्ष 2018-22 तक भी अररिया में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रहे थे। घटना के बाद उनके कार्यालय में भी सन्नाटा पसरा रहा। कार्यालय कर्मियों ने बताया कि उन्हें भी इसकी जानकारी इंटरनेट मीडिया के माध्यम से ही मिली है।