विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में प्रेम-प्रसंग में नाबालिग का अपहरण-शादी, फिर निर्मम हत्या; शव अस्पताल में छोड़ भागा आरोपी

Published: Wed, 12 Aug 2026 08:15 PM (IST)

अररिया में एक नाबालिग छात्रा को प्रेम प्रसंग में अगवा कर शादी रचाई गई, जिसके 24 घंटे के भीतर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।

HighLights

  1. नाबालिग छात्रा मनीषा का अपहरण कर शादी की गई।

  2. शादी के 24 घंटे के अंदर हत्या कर दी गई।

  3. मुख्य आरोपी दिलखुश पूर्णिया से गिरफ्तार किया गया।

संवाद सूत्र, ताराबाड़ी (अररिया)। जिले के बटुरबाड़ी गांव की एक नाबालिग छात्रा को प्रेम प्रसंग में अगवा कर लिया। फिर शादी रचाई।

शादी के 24 घंटे के भीतर निर्मम हत्या कर शव को हॉस्पिटल में छोड़कर आरोपित फरार हो गए। हालांकि मृतका के स्वजनों की तत्परता से हत्यारोपित दिलखुश को पुलिस ने भागने के क्रम में मेडिकल कॉलेज पूर्णिया से गिरफ्तार कर लिया।

पिता नरेश यादव के आवेदन पर पूर्णिया के हाट थाना पुलिस ने केस दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना अररिया प्रखंड के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बटुरबाड़ी पंचायत के वार्ड संख्या आठ अंतर्गत विश्वास टोला बटुरबाड़ी की है।

बुधवार की शाम करीब चार बजे अपहृत मनीषा का शव पहुंचते ही स्वजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।

अगवाकर की थी शादी

जानकारी के अनुसार विश्वास टोला निवासी नरेश यादव की नाबालिग पुत्री मनीषा कुमारी (17) को पलासी थाना क्षेत्र के बरदबट्टा पंचायत के वार्ड संख्या तीन अंतर्गत करदार टोला निवासी दिलखुश कुमार करदार (19) पुत्र लखन करदार उर्फ मुन्ना करदार के द्वारा अररिया कृष्णापुरी वार्ड संख्या नौ से 10 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे अगवा कर लिया।

फिर दिलखुश ने मनीषा से मंदिर में शादी रचाकर इंटरनेट मीडिया पर शादी की तस्वीर शेयर कर दिया। जिससे स्वजनों को जानकारी मिली। जब मनीषा के स्वजन दिलखुश के घर वालों से मिलने उसके गांव गए तो सभी घर से फरार हो गए।

अस्पताल में मृत मिली बेटी

11 अगस्त की शाम मृतका के पिता नरेश यादव को पता चला कि उनकी बेटी पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती है। आनन-फानन में स्वजनों के साथ वे जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचे तो उनकी बेटी मृत अवस्था में पड़ी थी। वही भगाने के दौरान हत्यारोपित दिलखुश को केहाट थाना पुलिस ने दबोच लिया।

इस मामले में मृतका के पिता नरेश यादव की ओर से पूर्णिया के केहाट थाना में आवेदन देकर दिलखुश कुमार करदार (19) उनके पिता लखन लाल करदार (56), राजा कुमार करदार (23), जनार्दन करदार (58), योगेंद्र करदार (45), पप्पू करदार (22), अखिलेश यादव (30), विकास कुमार यादव (28) पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा आरोपित की बहन चांदनी देवी (28), सोनी देवी (26), निशा कुमारी (22) को भी हत्या की इस घटना में शामिल करते हुए न्याय की गुहार लगायी है।

मृतका मनीषा कुमारी अररिया कृष्णापुरी स्थित अपने आवास पर रहकर बीए पार्ट वन की तैयारी कर रही थी। घटना से क्षेत्र के लोग सहमें हुए हैं। स्वजन बदहवास है। जनप्रतिनिधि सहित ग्रामीणों ने हत्या की इस घटना की घोर निंदा की है। वहीं आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में मौलाना ने अपनी छात्रा के साथ किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार