बिहार के 213 प्रखंडों में खुलेंगे डिग्री कालेज, मॉडल स्कूलों में मिलेगी फ्री कोचिंग की सुविधा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि 15 जुलाई से बिहार के 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खुलेंगे और मॉडल स्कूलों में मुफ्त कोचिंग मिलेगी। ...और पढ़ें
-1783427763131_m.webp)
मुख्यमंंत्री सम्राट चौधरी। फाइल फोटो
HighLights
15 जुलाई से 213 प्रखंडों में खुलेंगे डिग्री कॉलेज।
मॉडल स्कूलों में छात्र-छात्राओं को मिलेगी मुफ्त कोचिंग सुविधा।
अररिया में मेडिकल कॉलेज, फारबिसगंज में एयरपोर्ट का काम होगा।
जागरण संवाददाता, अररिया। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अररिया पहुंचे सम्राट चौधरी ने कई घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई से बिहार के 213 प्रखंड में बिहार सरकार डिग्री कॉलेज खोलेगी।वहीं, मॉडल स्कूलों में छात्र-छात्राओं को कोचिंग की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार के कुछ लोगों की चिंता रही है कि बिहार में शिक्षा कैसे सुधरेगी, हर प्रखंंड में डिग्री कॉलेज कैसे खुलेगा, हर प्रखंड में मॉडल स्कूल कैसे खुलेगा। इसकी पूरी व्यवस्था बिहार सरकार ने कर दी है और यह पूरी व्यवस्था बदल रही है।
सम्राट ने कहा कि मॉडल स्कूलों में कोचिंग की भी व्यवस्था की जाएगी। चौधरी मंगलवार को अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड के हरिपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मंच से उन्होंने लोगों को संबाेधित करते हुए कहा कि बिहार में अपराधी और घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। बिहार सुशासन के लिए जाना जाता है। फारबिसगंज में एयरपोर्ट के लिए जमीन का ब्योरा भेज दिया गया है। यहां अगले वित्तीय वर्ष में इस पर काम शुरू होगा।
अररिया में इसी साल मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने का भी काम करेंगे। फारबिसगंज के सिमराहा में संचालित मांस फैक्ट्री को लेकर उन्होंने कहा कि मैंने डीएम को कहा है यदि फैक्ट्री अवैध है, तो उसको बंद किया जाएगा, यदि प्रदूषण फैला रहा है तो इसकी रिपोर्ट दीजिए, प्रदूषण विभाग उस पर काम करेगी। कहा बिहार में टोल टैक्स सिर्फ कमर्शियल वाहनों पर लगेगा, प्राइवेट गाड़ी टोल फ्री होगा।