Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार पुलिस को मिले 162 नए जवान, मगध डिविजन के IG जितेंद्र राणा ने दिलाई शपथ

    Updated: Tue, 07 Jul 2026 05:53 PM (IST)

    नालंदा पुलिस लाइन में जहानाबाद और अरवल जिले के 162 प्रशिक्षु पुलिस जवानों का दीक्षांत परेड समारोह आयोजित हुआ। मगध प्रक्षेत्र के आईजी जितेंद्र राणा ने ...और पढ़ें

    परेड में शामिल ट्रेनी जवान। फोटो जागरण

    परेड में शामिल ट्रेनी जवान। फोटो जागरण

    HighLights

    1. नालंदा में 162 प्रशिक्षु पुलिस जवानों का दीक्षांत परेड समारोह।

    2. आईजी जितेंद्र राणा ने दिलाई शपथ, बेहतर पुलिसिंग को प्रेरित किया।

    3. जवानों को जहानाबाद और अरवल जिलों में मिलेगी तैनाती।

    जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। नालंदा पुलिस लाइन में मंगलवार को जहानाबाद और अरवल जिले के 162 प्रशिक्षु पुलिस जवानों का दीक्षांत परेड समारोह गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। मगध प्रक्षेत्र के आईजी जितेंद्र राणा ने सभी प्रशिक्षु जवानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और बेहतर पुलिस सेवा के लिए प्रेरित किया।

    प्रशिक्षण पूरा कर परेड मैदान से निकलते समय कई जवान भावुक हो उठे। उन्होंने इसे अपने जीवन का ऐतिहासिक और अविस्मरणीय दिन बताया। कुछ जवानों की आंखें खुशी और गर्व के आंसुओं से भी छलक उठीं।

    समारोह में प्रशिक्षु जवानों ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया, जिसकी आईजी ने सलामी ली। बड़ी संख्या में मौजूद स्वजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच जवानों का उत्साहवर्धन किया।

    वर्दी ही पहचान 

    आईजी जितेंद्र राणा ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि उसकी पहचान, जिम्मेदारी और जनता के विश्वास का प्रतीक है। वर्दी को हमेशा सम्मान, अनुशासन और स्वच्छता के साथ धारण करना चाहिए।

    उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद भी सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती। जहां भी तैनाती मिले, वहां की परिस्थितियों को समझते हुए बेहतर पुलिसिंग करना हर पुलिसकर्मी का दायित्व है।

    उन्होंने कहा कि आज पुलिस के सामने केवल वास्तविक दुनिया के अपराधियों से मुकाबले की चुनौती नहीं है, बल्कि साइबर अपराध और वर्चुअल दुनिया में लगातार बदल रहे अपराधों से भी प्रभावी ढंग से निपटना है। इसलिए हर पुलिसकर्मी को नई तकनीक और अपराध के बदलते तौर-तरीकों के अनुरूप खुद को लगातार अपडेट रखना होगा।

    आईजी ने कहा कि पुलिस को कई बार अपराधियों के विरुद्ध बल प्रयोग भी करना पड़ता है, लेकिन उसकी सबसे बड़ी पहचान निष्पक्षता, ईमानदारी और सेवा भावना है। उन्होंने जवानों से कहा कि उनके व्यक्तित्व में शुचिता सबसे पहले उनके पहनावे और व्यवहार में दिखनी चाहिए।

    उन्होंने कहा कि 'वर्दी ही आपकी पहचान है।' इसे पहनते समय गर्व की अनुभूति होनी चाहिए और इसकी गरिमा हर परिस्थिति में बनी रहनी चाहिए। 

    उन्होंने जवानों से शारीरिक फिटनेस बनाए रखने, प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए अनुशासन को जीवनभर अपनाने तथा जनता, वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रशिक्षु जवान अपने परिवार, समाज और देश की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।

    खबरें और भी

    हर तरीके से किया गया ट्रेंड

    नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जवानों को कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध अनुसंधान, साइबर अपराध की रोकथाम, हथियार संचालन, फायरिंग, ड्रिल, शारीरिक दक्षता, मानवाधिकार, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, यातायात प्रबंधन, सामुदायिक पुलिसिंग और व्यवहारिक पुलिसिंग का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है।

    उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान, अनुशासन और सेवा भावना को ड्यूटी के दौरान ईमानदारी व निष्ठा के साथ लागू करना ही एक आदर्श पुलिसकर्मी की पहचान है।

    बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिला सम्मान

    समारोह के दौरान उत्कृष्ट परेड करने वाले प्रशिक्षु जवानों, बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों तथा प्रशिक्षण कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस लाइन के डीएसपी सुमित सहित अन्य पदाधिकारियों और कर्मियों को आईजी जितेंद्र राणा ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। परेड की सलामी के साथ दीक्षांत समारोह का समापन हुआ।

    इस अवसर पर डीएसपी श्याम किशोर रंजन, रंजन कुमार, ऋषभ आनंद, संजीत कुमार गुप्ता, तारकेश्वर प्रसाद सिंह, कुमार ऋषि राज, संजय कुमार जायसवाल, रामदुलार प्रसाद, खुर्शीद आलम, सार्जेंट मेजर राजमणि, थानाध्यक्ष सम्राट दीपक, मुकेश कुमार मुकेश, रंजीत कुमार रजक, सुमन कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी, जवान और प्रशिक्षुओं के स्वजन मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- अब AI बताएगा कहां सबसे ज्यादा अपराध! बिहार पुलिस थानास्तर पर बनाएगी 'क्राइम हॉटस्पॉट', डायल-112 से होगी निगरानी

    यह भी पढ़ें- Bihar Police Promotion: भागलपुर रेंज के 84 सिपाही बने ASI, सैलरी के साथ बढ़ेगी जिम्मेदारी