अररिया में जमीन विवाद में दबंगों का हमला, आंगन में सो रहे वृद्ध का रेता गला; घर में की आगजनी
अररिया के रानीगंज में जमीनी विवाद के चलते 65 वर्षीय वृद्ध बद्री ऋषिदेव की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
-1780142392638_m.webp)
घटनास्थल पर जुटी भीड़। (जागरण)
HighLights
रानीगंज में जमीनी विवाद में वृद्ध की हत्या।
10-12 हमलावरों ने घर में आगजनी भी की।
पुलिस जांच में जुटी, दोषियों की तलाश जारी।
संवाद सूत्र, रानीगंज (अररिया)। रानीगंज थाना क्षेत्र के खरसायी पंचायत अंतर्गत भिट्ठा गांव वार्ड संख्या छह में शुक्रवार की देर रात पूर्व से चले आ रहे जमीनी विवाद में कथित दबंगों ने एक परिवार के 65 वर्षीय वृद्ध की गला रेतकर हत्या कर दी।
घटना शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे की बतायी जा रही है। घटना को 10 से 12 की संख्या में आए बाइक सवार हमलावरों ने अंजाम दिया। हमलावर गांव के ही बताए जा रहे हैं। उनकी हाथों में लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार थे।
घटना को अंजाम देने के बाद घर में आगजनी भी की और इसके बाद फरार हो गए। मृतक की पहचान रानीगंज नगर पंचायत के बघूवा टोला निवासी स्व मंगल ऋषिदेव के पुत्र बद्री ऋषिदेव (65) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक के भतीजी बुधनी देवी ने बताया कि शुक्रवार दिन में बांस काटने को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट और कहासुनी भी हुई थी। उस समय उनलोगाें ने रात में देख लेने और जान से मारने की धमकी दी थी।
उसका कहना था कि उन्हें अंदेशा नहीं था कि धमकी इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगी। बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे 10 से 12 की संख्या में हमलावर कई बाइक पर सवार होकर हाथों में लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार लेकर आए थे।
गला रेत कर हत्या
सभी सीधे आंगन में घुस गए और वहां बने मचान पर सो रहे बद्री ऋषिदेव पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद घर के अन्य सदस्यों की तलाश करने लगे।
घर की महिलाओं और बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जगे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावरों ने घर में आग लगा दी। आग लगते ही अफरातफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं गंभीर रूप से घायल बद्री ऋषिदेव को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया ले गए।
वहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया। पूर्णिया में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार में पत्नी सहित तीन पुत्र और दो पुत्रिया हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ
घटना की सूचना पर रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच की। शनिवार सुबह एसडीपीओ सुशील कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल से कई साक्ष्य एकत्र किए तथा मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
स्वजनों के आवेदन और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा तथा सरकारी सहायता देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बिहार की जेल से ऑपरेट हो रहा था 'गोल्ड लूट गैंग', तेलंगाना पुलिस सुबोध सिंह को लेकर हैदराबाद रवाना
यह भी पढ़ें- खगड़िया में पुलिस हिरासत से भागकर तालाब में कूदा अभियुक्त, मौत के बाद थाने पर उग्र प्रदर्शन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।