Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खगड़िया में पुलिस हिरासत से भागकर तालाब में कूदा अभियुक्त, मौत के बाद थाने पर उग्र प्रदर्शन

    Updated: Sat, 30 May 2026 03:53 PM (GMT+05:30)

    खगड़िया में पुलिस हिरासत से भागने के दौरान एक आरोपी सौरभ कुमार तालाब में कूद गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। ...और पढ़ें

    पुलिस थाने पर आक्रोशित लोग। (जागरण)

    पुलिस थाने पर आक्रोशित लोग। (जागरण)

    HighLights

    1. आरोपी सौरभ कुमार पुलिस हिरासत से भागा, डूबा।

    2. ग्रामीणों ने मोरकाही थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।

    3. पुलिस पर हत्या का आरोप, मामले की जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया के मोरकाही थाना क्षेत्र अंतर्गत सबलपुर में शुक्रवार की रात पुलिस ने छापेमारी कर उक्त गांव के दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

    दोनों विधि व्यवस्था एवं सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपी बताए गए हैं। जिस पर मोरकाही थाना कांड संख्या 61-26, दिनांक 4-4-26 दर्ज है।

    मोरकाही पुलिस जब दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों सौरव कुमार (पे. शत्रुघ्न कुमार) और अंशु कुमार उर्फ दुखो कुमार (पे. खलटु साह) को गिरफ्तार कर थाना ला रही थी, तो एक अभियुक्त सौरव कुमार गांव स्थित एक मंदिर के पास पुलिस पकड़ से भाग निकला।

    पुलिस का कहना है कि भागने के क्रम में वह मंदिर परिसर स्थित तालाब (मालती धार) में कूद गया। डूबने से उसकी मौत हो गई।

    पुलिस का दावा है कि उस समय उसकी खोजबीन की गई, परंतु अत्यधिक अंधेरा रहने के कारण कोई अता-पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस टीम अभिरक्षा में लिए गए दूसरे अभियुक्त अंशु कुमार को लेकर मोरकाही थाना आ गई।

    मालती धार में डूबने से हुई मौत

    मोरकाही थाना-पुलिस के अनुसार बाद में स्थानीय चौकीदार एवं ग्रामीणों ने सूचना दी कि सौरव की मौत मालती धार में डूबने से हो गई है।

    इधर घटना के बाद स्वजन और ग्रामीण उग्र हो उठे और शव को लेकर मोरकाही थाना पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोग पुलिस पर सौरव को पानी में धकेल देने का आरोप लगा रहे थे।

    मिलने वाली थी सरकारी नौकरी

    मृतक सौरव के स्वजन ने स्थानीय चौकीदार अशोक पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा गया है कि उसने सौरव को जान-बूझकर केस में फंसा दिया। सौरव को सरकारी नौकरी मिलने वाली थी।

    स्वजन सौरव का नाम केस से हटाने, उसे बेगुनाह साबित करने को लेकर न्याय दिलाने को पुलिस अधिकारियों के यहां चक्कर लगाते रहे, परंतु उनकी कहीं भी नहीं सुनी गई।

    मृतक की बहन ने कहा कि दो दारोगा, दो सिपाही और चौकीदार गिरफ्तार करने आए थे और सौरव को पकड़कर ले गए। मृतक की बहन ने कहा कि मेरे भाई को पुलिस ने डूबो दिया। उसे तैरना नहीं आता था। स्वजन मोरकाही थाना प्रभारी समेत दोषी पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

    थानाध्यक्ष ने तानी पिस्तौल

    प्रदर्शन कर रहे कई ग्रामीणों का आरोप है कि मोरकाही थानाध्यक्ष अंतिमा कुमारी ने भीड़ पर पिस्तौल तान दिया। इससे संबंधित एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। दैनिक जागरण वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। हालांकि, थानाध्यक्ष का कहना हुआ कि देर रात थाना पर से आक्राशित भीड़ को हटाने को लेकर आत्मरक्षार्थ पिस्टल निकालना पड़ा।

    इधर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ वन मुकुल रंजन, एसडीपीओ टू अलौली पीएन साहू दल-बल के साथ मोरकाही थाना पहुंचे।

    खगड़िया सदर एसडीओ धनंजय कुमार भी पहुंचे। आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम में खगड़िया सदर अस्पताल लाया गया।

    इधर खगड़िया पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि वर्तमान में स्थिति सामान्य है। घटना से संबंधित सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाए जाएंगे उनपर विधि सम्मत कार्रवाई होगी। निगरानी रखी जा रही है।

    खबरें और भी

    वहीं, एसडीपीओ टू अलौली ने कहा है कि यूडी केस दर्ज किया गया है। अभी तक स्वजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है।

    यह भी पढ़ें- बिहार की जेल से ऑपरेट हो रहा था 'गोल्ड लूट गैंग', तेलंगाना पुलिस सुबोध सिंह को लेकर हैदराबाद रवाना

    यह भी पढ़ें- मधेपुरा में मामूली विवाद पर बहू ने खोया आपा, सास को बाल पकड़कर जमीन पर पटका; हो गई मौत