Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मधेपुरा में मामूली विवाद पर बहू ने खोया आपा, सास को बाल पकड़कर जमीन पर पटका; हो गई मौत

    Updated: Fri, 29 May 2026 10:49 PM (IST)

    चौसा के अरसंडी गांव में घरेलू विवाद के चलते छोटी बहू ने अपनी 68 वर्षीय सास प्रमिला देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

    मौके पर लगी लोगों की भीड़। (जागरण)

    मौके पर लगी लोगों की भीड़। (जागरण)

    HighLights

    1. छोटी बहू ने घरेलू विवाद में 68 वर्षीय सास की हत्या की।

    2. संपत्ति बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से था विवाद।

    3. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी बहू रंजना को गिरफ्तार किया।

    संवाद सूत्र, चौसा (मधेपुरा)। चौसा थाना की घोषई पंचायत के अरसंडी गांव में शुक्रवार को घरेलू विवाद को लेकर छोटी बहू ने वृद्ध सास की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से पूरा गांव स्तब्ध है।

    मृतका की पहचान स्व. पुलकित यादव की पत्नी प्रमिला देवी (68) के रूप में हुई है। बड़ी बहू राधा देवी ने आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित छोटी बहू रंजना देवी को गिरफ्तार कर लिया है।

    शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के लिए फोरेंसिक टीम बुलाई गई है। बताया जाता है कि परिवार में लंबे समय से जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

    ग्रामीणों के अनुसार, प्रमिला देवी को दो पुत्र है रघुनंदन यादव और तूफानी यादव। दोनों भाई दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। दोनों का परिवार घर में बंटवारा कर अलग-अलग रहता है।

    प्रमिला देवी अपने बड़े बेटे रघुनंदन यादव के साथ रहती थीं। उनकी देखभाल भी मुख्य रूप से बड़ी बहू राधा देवी और बेटी-दामाद द्वारा की जाती थी। इसी बात को लेकर छोटे बेटे की पत्नी रंजना देवी का अक्सर नाराजगी बनी रहती थी।

    ग्रामीणों का कहना है कि प्रमिला देवी ने अपने जीवनकाल में ही जमीन का बंटवारा कर दिया था, लेकिन छोटी बहू रंजना देवी को यह संदेह रहता था कि सास ने अधिक संपत्ति बड़े बेटे के नाम कर दी है।

    इसी को लेकर परिवार में समय-समय पर विवाद होता रहता था। हालांकि, पूर्व में कई बार स्थानीय ग्रामीणों एवं पंचों द्वारा पंचायत कर मामले को शांत करा दिया गया था।

    झोंटाझोंटी के दौरान पिलर पर धकेल पीढ़िया से सिर पर की थी वार

    शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे घर में बातचीत के दौरान सास प्रमिला देवी एवं छोटी बहू रंजना देवी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान सास-बहू में झोंटाझोंटी शुरू हो गई।

    खबरें और भी

    इसी बीच रंजना देवी ने सास को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह घर के एक पिलर से टकरा गईं। जब प्रमिला देवी संभलकर खड़ी हुईं, तभी आरोपित बहू ने उनके सिर पर पीढ़िया से जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे वह अचेत होकर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़ीं।

    घटना के बाद परिवार के लोग एवं ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। देखते ही चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के वक्त दोनों पुत्र में से कोई भी घर में नहीं था। दोनों भाई छत्तीसगढ़ मजदूरी करने गए हुए हैं। फोन से दोनों को घटना की सूचना दी गई है।

    बड़ी बहू ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा 

    घटना के बाद मृतका की बड़ी बहू राधा देवी ने चौसा थाना में आवेदन देकर छोटी बहू यानी तूफानी यादव की पत्नी रंजना देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

    यह भी पढ़ें- बेगूसराय के यूको बैंक में चली गोली, गार्ड की बंदूक से फायरिंग; बैंककर्मी को गोली लगने से मचा हड़कंप

    यह भी पढ़ें- शिवहर में युवक को घेरकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

    घटना की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित रंजना देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। राधा देवी के आवेदन पर केस दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। जांच के लिए एफएसएल की टीम बुलाई गई है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पूरे मामले की गंभीरता से जांच में पुलिस जुटी हुई है।

    -

    रवि कुमार पासवान, थानाध्यक्ष, चौसा।