अररिया-नेपाल बॉर्डर पर तनाव: सुनसरी हिंसा की आग में झुलसा मधेश प्रदेश, अब तक 2 की मौत
नेपाल के सुनसरी जिले के दीवानगंज में हुई सांप्रदायिक हिंसा कोसी और मधेश प्रदेश तक फैल गई है, जिसके चलते सिराहा और जनकपुरधाम में कर्फ्यू लगा दिया गया ह ...और पढ़ें

सुनसरी हिंसा की आग में झुलसा मधेश प्रदेश, अब तक 2 की मौत
HighLights
सुनसरी की हिंसा कोसी और मधेश प्रदेश तक फैली।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस फायरिंग में दो की मौत।
सिराहा और जनकपुरधाम में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू।
संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नरपतगंज प्रखंड के मानिकपुर बॉर्डर से डेढ़ किलोमीटर उत्तर नेपाल के सुनसरी जिले के दीवानगंज में हुई सांप्रदायिक हिंसा की आंच कोसी से मधेश प्रदेश तक फैल गई है। गुरुवार को सिराहा के लहान में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोली से सिराहा के गणेश यादव की मौत हो गई, जबकि सुभाष ठाकुर को भी गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए धरान रेफर किया गया।
वहीं, सिराहा सहित मधेश प्रदेश की राजधानी जनकपुरधाम में अनिश्चिकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। नेपाल के कोसी प्रदेश की राजधानी विराटनगर में हिन्दू समाज के बैनर तले जमकर प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर (सीडीओ) कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया।
इससे पहले पंचमुखी हनुमान मंदिर में सनातनी समाज के लोग एकत्रित हुए और जिला प्रशासन कार्यालय तक हजारों की संख्या में प्रशासन और नेपाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए विराटनगर में जिला प्रशासन कार्यालय के बाहर भारी संख्या मे पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस दौरान सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी होती रही।
सुरक्षा की कमान संभाल रहे मोरंग एसपी ने प्रदर्शनकारी से अपील की कि सरकार की कमेटी जांच कर रही है, इसलिए शांति बनाए रखने में सभी सहयोग करें। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विराटनगर बाजार को बंद भी कराया। जारी तनाव के बीच दिनभर विराटनगर बाजार में नेपाली सेना गश्त करती रही।
खबरें और भी
सुनसरी मे दो समुदाय के बीच विवाद के बाद कोसी और मधेश प्रदेश में भड़की हिंसा को लेकर पूर्व राजा ज्ञानेन्द्र शाह ने दु:ख व्यक्त करते हुए सभी नागरिकों से संयम बरतने की अपील की गई। आपसी सद्भाव कायम रखने का आग्रह किया है।
निर्मल निवास स्थित संवाद सचिवालय के माध्यम से जारी सद्भाव संदेश में सुनसरी में हुए जनधन की क्षति और इसका असर कोसी क्षेत्र तथा तराई के विभिन्न भाग में फैलने पर पूर्व राजा ने चिंता व्यक्त की है।
इधर, देवानगंज गोलीकांड में घायल एक युवक की मौत इलाज के दौरान न्यूरो अस्पताल में हो गई। इसके साथ ही इस घटना में मृतक की संख्या दो हो गई है। मृतक युवक देवानगंज वार्ड संख्या तीन का 22 वर्षीय जयप्रकाश मेहता की मौत की पुष्टि गुरुवार को दिन के डेढ़ बजे हॉस्पिटल के डॉक्टर ने की, जिसकी पुष्टि मोरंग पुलिस के सूचना अधिकारी डीएसपी मकेंद्र कुमार मिश्र ने भी की।
चिकित्सक के अनुसार, जयप्रकाश के पेट में गोली लगी थी। बीते सोमवार को उसका ऑपरेशन हुआ था। स्थिति नाजुक होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। वहीं, इस घटना में ओमप्रकाश मेहता की मौत गोली लगने से हुई थी।