Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पीएम सूर्य घर योजना: उपभोक्ताओं को मिल रही ₹78,000 तक की सब्सिडी, BPL परिवारों को मुफ्त सोलर

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 06:11 PM (IST)

    सिकटी में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए ₹78,000 तक की केंद्रीय सब्सिडी मिल रही है। ...और पढ़ें

    सिकटी में लोगों को योजना को लेकर जानकारी देते कनीय अभियंता रोहित कुमार राज व अन्य। सौजन्य बिजली विभाग

    सिकटी में लोगों को योजना को लेकर जानकारी देते कनीय अभियंता रोहित कुमार राज व अन्य। सौजन्य बिजली विभाग 

    HighLights

    1. घरेलू उपभोक्ताओं को ₹78,000 तक की केंद्रीय सब्सिडी।

    2. बीपीएल परिवारों के लिए सोलर पैनल का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।

    3. आवेदन केवल ऑनलाइन, महंगी बिजली से मिलेगी मुक्ति।

    दीपक कुमार गुप्ता, सिकटी (अररिया)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सिकटी में आवेदन प्रक्रिया जारी है। घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर रूफटाफ सोलर पैनल लगाने पर 78 हजार तक की केंद्रीय सब्सिडी का लाभ मिलेगा। जबकि बीपीएल परिवारों का सारा खर्च सरकार वहन करेगी।

    सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सब्सिडी के माध्यम से क्षेत्र के सभी किसान व आम नागरिक प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। सिकटी विद्युत विभाग के कनीय अभियंता रोहित कुमार राज ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए यह अपील की है।

    उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार द्वारा भारी अनुदान दिया जा रहा है। एक किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने पर सरकार द्वारा 30 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाती है, जबकि इसकी कुल अनुमानित लागत लगभग 60 हजार रुपये आती है।

    इसी तरह, दो किलोवाट के सिस्टम पर 60 हजार रुपये की सब्सिडी का प्रविधान है, जिसकी कुल लागत करीब एक लाख रुपये बैठती है। वहीं, तीन किलोवाट या उससे अधिक का सोलर सिस्टम लगाने पर उपभोक्ताओं को अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाएगी, जिसकी कुल अनुमानित लागत लगभग दो लाख 10 हजार रुपये है।

    खबरें और भी

    कनीय अभियंता ने स्पष्ट किया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए सभी आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जा रहे हैं। सरकार द्वारा इसमें आफलाइन आवेदन जमा करने का कोई प्रविधान नहीं रखा गया है। रूफटाप सोलर पैनल लगाने से उपभोक्ताओं को न सिर्फ महंगी बिजली से मुक्ति मिलेगी और हर महीने पैसों की बचत होगी, बल्कि बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध ऊर्जा की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

    आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए। घर आवासीय श्रेणी का होना चाहिए।बिजली का वैध घरेलू कनेक्शन होना चाहिए। छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए पर्याप्त जगह हो। पहले इसी योजना के तहत सब्सिडी का लाभ न लिया हो।आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों में आधार कार्ड, बिजली बिल, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी (यदि उपलब्ध हो), बैंक खाता विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो, बिजली उपभोक्ता नंबर आदि शामिल है।

    यह भी पढ़ें- बिहार में 50 लाख घरों को मिलेगी मुफ्त सौर ऊर्जा, सम्राट सरकार खरीदेगी अतिरिक्त बिजली

    यह भी पढ़ें- बिहार कैबिनेट में 22 प्रस्तावों को मंजूरी, सोलर प्लांट से लेकर बेली ब्रिज और केंद्रीय विद्यालय तक पर मुहर