अररिया में इमली के पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल
रानीगंज-फारबिसगंज मार्ग पर केडी कॉलेज के पास देर रात एक तेज रफ्तार कार इमली के पेड़ से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार सवार आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर ...और पढ़ें
-1776609930927_m.webp)
पेड़ से टकराई कार। (जागरण)
HighLights
तेज रफ्तार कार इमली के पेड़ से टकराई, गंभीर घायल।
चालक को नींद आने से हुआ भीषण सड़क हादसा।
स्थानीय लोगों ने खतरनाक इमली का पेड़ हटाने की मांग की।
संवाद सूत्र, रानीगंज (अररिया)। रानीगंज-फारबिसगंज मार्ग पर केडी कॉलेज के समीप शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे इमली के पेड़ से टकरा गई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार सवार आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई।
घायलों में मिर्जापुर निवासी नीरज कुमार (30), अभिषेक कुमार, पूजा कुमारी तथा बेलसरा वार्ड 12 निवासी दिलीप कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार देर रात चालक को नींद आने के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए रानीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद उठा बड़ा सवाल, मौत का पेड़ कब हटेगा
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे मौजूद यह इमली का पेड़ पहले भी कई हादसों की वजह बन चुका है। इसके बावजूद अब तक इसे हटाने की पहल नहीं की गई।
ताजा हादसे के बाद स्थानीय जदयू नेता अनुज प्रधान, वार्ड पार्षद सुमन झा, निशा कुमारी और संजीव पासवान ने प्रशासन से उक्त स्थान से पेड़ हटाने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर समय रहते इस मौत के पेड़ को नहीं हटाया गया तो आगे और बड़े हादसे हो सकते हैं।