Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अरवल में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर लाठी-डंडों से हमला, 6 गिरफ्तार

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 06:51 AM (IST)

    किंजर के झिकटिया आजाद नगर में खेल परिसर की सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला किया गया। ...और पढ़ें

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    HighLights

    1. किंजर में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला हुआ।

    2. हमलावरों ने पथराव और लाठी-डंडों का प्रयोग किया।

    3. पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया, 28 नामजद।

    संवाद सहयोगी, कलेर (अरवल)। सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान रविवार को किंजर थाना क्षेत्र के झिकटिया आजाद नगर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।

    खेल परिसर निर्माण के लिए चिह्नित सरकारी भूमि को खाली कराने पहुंची प्रशासनिक टीम पर कुछ लोगों ने पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

    टीम ने खुद का बचाव करते हुए मौके से छह आरोपितों को धर दबोचा। मामले में 28 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी की गई है।

    प्रशासन के अनुसार खेल परिसर निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई पूर्व में नोटिस दिया गया था।

    संबंधित लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के बाद भी कुछ लोग निर्माण कार्य में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहे थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को दंडाधिकारी और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने तथा निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा था।

    इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और सरकारी कार्य का विरोध करते हुए उग्र हो गए। पुलिस के अनुसार भीड़ ने प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल पर ईंट-पत्थर तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

    निर्माण स्थल पर लगे सीसीटीवी, बिजली की लाइट और तारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया तथा जेसीबी मशीन और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।

    स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। कार्रवाई के दौरान छह लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

    घटना के वीडियो और फोटो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी प्राथमिकी की गई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    विकास योजनाओं में बाधा डालने और सरकारी कार्य में अवरोध उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।