गले में जूते की माला और हाथों में तख्ती लेकर अरवल कलेक्ट्रेट पहुंचा युवक, न्याय के लिए 12 साल से लगा रहा चक्कर
अरवल में अनंत शर्मा नामक युवक ने गले में जूतों की माला पहनकर प्रशासन के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
HighLights
युवक ने जूतों की माला पहनकर अरवल में किया प्रदर्शन।
वंशी प्रखंड में गली अतिक्रमण न हटने से था परेशान।
12 साल से लंबित समस्या पर प्रशासन से मांगा समाधान।
जागरण संवाददाता, अरवल। अरवल समाहरणालय परिसर में सोमवार को दोपहर एक युवक अपने गले में जूते की माला पहनकर पहुंच गया, यह देख वहां मौजूद लोग हैरत में पड़ गए।
युवक के हाथ में एक बैनर भी था, जिस पर अरवल प्रशासन की कमियों और आम जनता के संघर्ष को दर्शाती कुछ पंक्तियां लिखी थीं।
नागरिकों को सरकारी दफ्तरों में क्याें किया जाता है प्रताड़ित? आवेदन पर आवेदन, सुनवाई पर सुनवाई, तारीख पर तारीख, समाधान शून्य क्यों आदि।
युवक को इस हालत में देख लोगों के बीच कौतूहल शुरू हो गया। सूचना पर युवक को एमडीएम कार्यालय बुलाया गया, जहां युवक ने बताया कि वह वंशी प्रखंड के खड़ासिन गांव का निवासी है और उसका नाम अनंत शर्मा उर्फ धरती पुत्र है।
गांव में उसके मकान के बगल की गली में कुछ लोगों ने सीढ़ी बनाकर रास्ते का अतिक्रमण कर लिया है, जिसके लिए वह वर्ष 2014 से वहां के सीओ-बीडीओ को आवेदन देकर अतिक्रमण हटाने की गुहार लगा रहा है, लेकिन लगभग 12 साल बाद भी आम आवाम की समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिस कारण वह अनोखे अंदाज में अपने गले में जूते की माला पहनकर विरोध प्रदर्शन करने यहां पहुंचा है।
2022 में भी वीडियो हुआ था वायरल
इससे पहले वर्ष 2022 में भी उसने गले में जूते की माला पहनकर इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल किया था, जिस पर तत्कालीन डीएम कुमार गौरव ने संज्ञान लेते हुए समस्या समाधान का आश्वासन दिया था, इसके बावजूद गली से अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
युवक की समस्या सुनने के बाद एडीएम ने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जांच करा जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी, आश्वासन मिलने के बाद युवक वहां से चला गया।
यह भी पढ़ें- बिहार के अरवल में पानी के तेज बहाव में फंसी बस, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
