Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अरवल में सड़क हादसा: ऑटो-मैजिक वैन टक्कर में 2 मजदूरों की मौत, 6 घायल

    Updated: Sun, 10 May 2026 03:14 PM (GMT+05:30)

    अरवल में पटना-औरंगाबाद एनएच-139 पर मधुश्रवां मोड़ के पास ऑटो और मैजिक वैन की भीषण टक्कर हो गई। ...और पढ़ें

    घायल को इलाज के लिए ले जाते लोग। (जागरण)

    घायल को इलाज के लिए ले जाते लोग। (जागरण)

    HighLights

    1. एनएच-139 पर ऑटो-मैजिक वैन की टक्कर।

    2. हादसे में दो मजदूरों की दुखद मौत हुई।

    3. छह मजदूर गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।

    संवाद सूत्र, कलेर (अरवल)। पटना-औरंगाबाद एनएच- 139 पर मेहंदिया थाना क्षेत्र में मधुश्रवां मोड़ के समीप रविवार को ऑटो और मैजिक वैन के बीच भीषण टक्कर में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

    हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई तथा कुछ देर तक एनएच पर यातायात बाधित रहा। मृतकों की पहचान जहानाबाद जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत मटुक चक गांव निवासी मिथिलेश पासवान एवं सेंधवा गांव निवासी राजा बिन्द के रूप में हुई है।

    घायलों में मटुक चक निवासी मुनरिक बिन्द और रवीश बिन्द, सेंधवा गांव निवासी पप्पू मांझी एवं साधु बिन्द तथा केंदुई गांव निवासी विद्या मोची और लालबाबू बिन्द शामिल हैं।

    काम करने जा रहे थे मजदूर

    सभी मजदूर ऑटो पर सवार होकर रामपुर चोरम थाना क्षेत्र के आंकोपुर गांव से मेहंदिया स्थित मां कामाख्या कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने आ रहे थे।

    मधुश्रवां मोड़ के पास सामने से आ रही मैजिक वैन से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

    घटना की सूचना मिलते ही मेहंदिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल अरवल भेजा गया।

    अस्पताल में चिकित्सकों ने मिथिलेश पासवान और राजा बिन्द को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रवीश बिन्द, पप्पू मांझी एवं साधु बिन्द को बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

    हादसे के बाद मृतकों के स्वजन में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना पर सदर अस्पताल में मृतक व घायलों के स्वजन व ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

    पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। मैजिक वैन का चालक मौके से फरार हो गया।

    यह भी पढ़ें- बक्सर में मामा की शादी में आए 2 मासूमों को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौके पर मौत