बक्सर में मामा की शादी में आए 2 मासूमों को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौके पर मौत
चौगाईं के बैदा गांव के पास एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1777825519095_m.webp)
रोते-बिलखते परिजन। (जागरण)
HighLights
बैदा गांव के पास ट्रैक्टर ने दो बच्चों को रौंदा।
मामा की शादी में शामिल होने आए थे मासूम।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हुआ।
संवाद सहयोगी, चौगाईं (बक्सर)। मुरार थाना क्षेत्र के बैदा गांव के समीप रविवार की देर शाम एक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। दोनों बच्चे अपने मामा की शादी में शामिल होने के लिए ननिहाल आए थे और एक-दो दिनों में घर लौटने वाले थे।
मिली जानकारी के अनुसार बैदा से चौगाईं की ओर मिट्टी लादकर जा रहा एक ट्रैक्टर बैदा गांव के समीप अचानक अनियंत्रित हो गया। सड़क किनारे खड़े दो बच्चों को उसने अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर हुई मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
मृतकों की पहचान रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र के मुसवट गांव निवासी आनंद शर्मा (12), पिता जय कुमार शर्मा तथा कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव निवासी आरडी शर्मा (6), पिता विकास शर्मा के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि आरडी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों बच्चे अपने मामा दुर्गेश शर्मा, पिता सुरेश शर्मा की शादी में शामिल होने के लिए बैदा गांव आए थे।
30 अप्रैल को हुई थी शादी
दुर्गेश शर्मा की शादी 30 अप्रैल को संपन्न हुई थी। शादी समारोह के बाद रिश्तेदार धीरे-धीरे अपने घर लौट रहे थे। आनंद और आरडी का परिवार भी एक-दो दिन में वापस जाने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया।
बताया जाता है कि घटना के समय दोनों बच्चे अपने ननिहाल स्थित घर के समीप मुख्य सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल कायम है।
यह भी पढ़ें- भोजपुर में तिलक समारोह जा रहे मौसेरे भाइयों को ट्रक ने कुचला, एक की मौत