अरवल में दुकान खोलने जा रहे बाइक सवार कारोबारी को बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर मौत; एक गंभीर
अरवल के कलेर थाना क्षेत्र में बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो ...और पढ़ें

बाइक सवार कारोबारी को बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचला ( प्रतीकात्मक तस्वीर )
HighLights
कलेर में बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मारी।
एक युवक छोटू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घायल सुधीर कुमार को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, अरवल। कलेर थाना क्षेत्र में पटना -औरंगाबाद एनएच-139 पर बुलाकी बिगहा मोड़ के समीप मंगलवार की सुबह एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
बाजार में कपड़े की दुकान चलाते थे मृतक
मृतक की पहचान औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के अरई गांव निवासी मुन्नी साव के 26 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है। घायल सुधीर कुमार भी अरई गांव निवासी मदन साव के पुत्र हैं।
दोनों युवक कलेर बाजार में कपड़े की दुकान चलाते थे और प्रतिदिन की तरह मंगलवार की सुबह भी अपनी दुकान खोलने के लिए बाइक से कलेर आ रहे थे। बुलाकी बिगहा मोड़ के समीप बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुधीर कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घायल को बेहतर इलाज के लिए किया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और इसकी जानकारी कलेर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलेर पहुंचाया।
वहां चिकित्सकों ने छोटू कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुधीर कुमार का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ उग्र होने लगी, पुलिस ने तत्काल लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया और यातायात बहाल कराया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि फरार ट्रैक्टर एवं उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।