Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    DAV से पढ़ाई, AFMC से MBBS...; अब अरवल की बेटी शुभांगी भारतीय सेना में बनीं लेफ्टिनेंट

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 03:55 PM (IST)

    अरवल जिले के लारी गांव की शुभांगी कुमारी ने आर्म्ड फोर्स मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि स ...और पढ़ें

    प‍िता के साथ शुभांगी कुमारी। सौ-स्‍वजन

    प‍िता के साथ शुभांगी कुमारी। सौ-स्‍वजन

    HighLights

    1. शुभांगी कुमारी ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया।

    2. आर्म्ड फोर्स मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की।

    3. अरवल जिले के लारी गांव के लिए यह गर्व का क्षण।

    संवाद सहयोगी, कुर्था (अरवल)। अरवल जिले के कुर्था प्रखंड अंतर्गत लारी गांव की बेटी शुभांगी कुमारी उर्फ कुक्की ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

    देश के प्रतिष्ठित आर्म्ड फोर्स मेडिकल कॉलेज (AFMC) से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है।

    उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और ग्रामीण इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बता रहे हैं। शुभांगी सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कुमार की पुत्री हैं। 

    बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहीं शुभांगी का सपना डॉक्टर बनकर देश की सेवा करना था। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने कड़ी मेहनत की और AFMC में दाखिला प्राप्त किया।

    डीएवी जहानाबाद से प्रारंभ‍िक शिक्षा ग्रहण करने के बाद विशाखापत्‍तनम के श्री चैतण्‍या संस्‍थान से आगे की पढ़ाई की। इसी क्रम में उनका चयन मेडि‍कल में हुआ। 

    यहां से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने भारतीय सेना की मेडिकल सेवा में जाने का निर्णय लिया।

    देश सेवा के जुनून ने दिलाई नई पहचान

    एमबीबीएस के बाद शुभांगी ने सेना में मेडिकल ऑफिसर बनने की तैयारी की। अपनी लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर उनका चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ।

    अब वह सेना के चिकित्सा विभाग में अपनी सेवाएं देंगी और सैनिकों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाएंगी।

    शिक्षाविद परिवार से है संबंध

    शुभांगी प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं एसबीएएन कॉलेज, दरहेटा-लारी के पूर्व प्राध्यापक प्रो. (डॉ.) शिवपूजन शर्मा की पौत्री हैं। परिवार में शिक्षा का माहौल होने के कारण उन्होंने शुरू से ही पढ़ाई को प्राथमिकता दी और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहीं।

    क्षेत्र में खुशी, लोगों ने बताया बेटियों के लिए प्रेरणा

    शुभांगी की सफलता की खबर मिलते ही लारी गांव सहित पूरे कुर्था प्रखंड में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि शुभांगी ने साबित कर दिया है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर गांव की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

    उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शशि रंजन, पूर्व जिला परिषद सदस्य अंजनी कुमार राजू, भाजपा जिला मंत्री सह विधानसभा प्रभारी राहुल वत्स, मुखिया अमरेंद्र शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    यह भी पढ़ें- चार बार असफल, पांचवीं बार में BPSC से बने SDM; बेगूसराय में ताड़ी बेचने वाले के बेटे की प्रेरक कहानी

    खबरें और भी