औरंगाबाद के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी; 131 करोड़ की सिंचाई योजना से 2059 हेक्टेयर खेतों को मिलेगा पानी
औरंगाबाद में 131.54 करोड़ की बिशुनपुर उपवितरणी सिंचाई परियोजना पर काम तेज हो गया है। जिलाधिकारी ने निरीक्षण कर जून 2027 तक 2059 हेक्टेयर कृषि भूमि को ...और पढ़ें

परियोजना का जायजा लेतीं डीएम अभिलाषा शर्मा।
HighLights
बिशुनपुर उपवितरणी सिंचाई परियोजना पर काम तेज।
131.54 करोड़ की लागत से 2059 हेक्टेयर को लाभ।
डीएम ने जून 2027 तक पूरा करने का निर्देश दिया।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। बिशुनपुर उपवितरणी सिंचाई परियोजना पर काम तेज कर दिया गया है। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने शनिवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि यह परियोजना जिले के हजारों किसानों के हित से जुड़ी है, इसलिए इसके निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
131.54 करोड़ की लागत से पूरी होगी सह सिंचाई योजना
उन्होंने सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने का निर्देश दिया। साथ ही परियोजना के प्रत्येक चरण की नियमित मानिटरिंग सुनिश्चित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पंप वेल का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाकर परियोजना को समय पर पूरा किया जाए।
2059 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को मिलेगी सिंचाई सुविधा
इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सोन नदी के इंद्रपुरी बराज के अपस्ट्रीम से 51 क्यूसेक पानी का उद्वह कर बिशुनपुर उपवितरणी में प्रवाहित किया जाएगा।
इससे नबीनगर और बारूण प्रखंड के लगभग 2059 हेक्टेयर असिंचित कृषि क्षेत्र को फिर से सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
वर्ष 2011 में एनटीपीसी परियोजना के निर्माण के दौरान बिशुनपुर उपवितरणी का एक हिस्सा प्रभावित होने से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था बाधित हो गई थी, जिससे किसानों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
131.54 करोड़ की है यह परियोजना
इस परियोजना की अनुमानित लागत 131.54 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है और इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना के पूरा होने के बाद नबीनगर और बारूण प्रखंड के नरारीकला, बेनीबिगहा, रसना, तेंदुआ, विष्णुपुर, बाढ़ा, सहसपुर, दरियाबाद, महदी, अंबा, लखेपुर, जंगीबिगहा, सदूरी समेत अनेक गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद है।
प्रगति यात्रा की है यह योजना
मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान इस योजना की घोषणा की गई है। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा में की गई घोषणा को धरातल पर उतारने की दिशा में जिला प्रशासन तेजी से काम कर रहा है।