Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    औरंगाबाद में खेलते समय जमीन पर गिरे बिजली तार की चपेट में आया मासूम, इकलौते बेटे की मौत

    Updated: Sat, 02 May 2026 01:57 AM (IST)

    औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र के सुही गांव में खेलते समय 10 वर्षीय पीयूष कुमार की जमीन पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। ...और पढ़ें

    बिजली तार की चपेट में आया मासूम

    बिजली तार की चपेट में आया मासूम

    HighLights

    1. औरंगाबाद में बिजली के तार से 10 वर्षीय बालक की मौत।

    2. खेलते समय जमीन पर गिरे तार की चपेट में आया मासूम।

    3. ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को बताया जिम्मेदार।

    जागरण संवाददाता, कुटुंबा (औरंगाबाद)। थाना क्षेत्र के सुही गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में एक 10 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुही गांव निवासी गुप्ता पासवान का पुत्र पीयूष कुमार सुबह घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास के खेत की ओर चला गया, जहां पहले से टूटा हुआ एलटी बिजली तार जमीन पर गिरा पड़ा था। अनजाने में वह उसी तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

    किसी तरह बच्चे को करंट से अलग किया गया

    घटना की जानकारी मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बांस के सहारे किसी तरह बच्चे को करंट से अलग किया गया और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल कुटुंबा ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

    बताया जाता है कि पीयूष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

    इधर, ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई जगह जर्जर और टूटे बिजली तार लंबे समय से लटके हुए हैं, लेकिन विभाग द्वारा समय पर मरम्मत नहीं कराई जाती। ग्रामीणों ने सभी जर्जर तारों को शीघ्र बदलने और मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

    खबरें और भी