औरंगाबाद में हादसा, 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत
औरंगाबाद के रफीगंज में 11 हजार वोल्ट के टूटे बिजली तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई।

मौके पर जुटी भीड़। (जागरण)
HighLights
रफीगंज में 11 हजार वोल्ट के तार से हादसा।
बौर गांव के गोपाल प्रसाद और पत्नी की मौत।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
संवाद सूत्र, रफीगंज (औरंगाबाद)। औरंगाबाद के रफीगंज थाना क्षेत्र के बौर गांव में शनिवार की शाम दर्दनाक हादसे में 11 हजार वोल्ट के टूटे बिजली तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की घटनास्थल पर मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बौर गांव निवासी 65 वर्षीय गोपाल प्रसाद और उनकी 60 वर्षीय पत्नी ऐरावंति देवी के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के उत्तर दिशा में पंचायत सरकार भवन के पास बधार में 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरा था।
गोपाल प्रसाद और उनकी पत्नी ऐरावंति देवी जानवरों के लिए घास लाने बधार गए थे। बधार में दोनों टूटे तार की चपेट में आ गए। करंट प्रवाहित होने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दारोगा मिथलेश कुमार, एएसआइ रामाअवधेश सिंह एवं पीटीसी राकेश राय पुलिसकर्मी के साथ पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लिया।
थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और बिजली तार टूटने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि गोपाल प्रसाद और ऐरावंति देवी के दो पुत्र धनंजय कुमार व मृत्युंजय कुमार तथा एक पुत्री संजू देवी हैं। दोनों पुत्र मुंबई में परिवार के साथ मजदूरी करते हैं।
माता-पिता की मौत की सूचना मिलते ही दोनों मुंबई से घर के लिए रवाना हो गए। वहीं, पुत्री संजू देवी के पति की करीब तीन वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। माता-पिता की मौत की खबर मिलते ही वह भी ससुराल से मायके पहुंच गईं। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा है।
