Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    औरंगाबाद में पुलिस ने किया LPG कालाबाजारी का भंडाफोड़, 105 सिलिंडर जब्त

    Updated: Wed, 20 May 2026 07:45 PM (IST)

    औरंगाबाद के पहरा गांव में पुलिस ने गैस सिलिंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में 105 गैस सिलिंडर, रिफिलिंग उपकरण और उपभोक्ता कार्ड जब्त किए ...और पढ़ें

    औरंगाबाद में गैस कालाबाजारी के खिलाफ छापामारी में 105 सिलिंडर जब्त

    औरंगाबाद में गैस कालाबाजारी के खिलाफ छापामारी में 105 सिलिंडर जब्त

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। रिसियप थाना क्षेत्र के पहरा गांव में विकास कुमार सिंह (पिता मनोज कुमार सिंह) के घर बुधवार को थाना की पुलिस, कुटुंबा सीओ और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की संयुक्त कार्रवाई में गैस सिलिंडर की कालाबाजारी का खुलासा हुआ है।

    छापेमारी में बड़ी मात्रा में विभिन्न कंपनियों के घरेलू एवं कामर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से रिफिलिंग में उपयोग होने वाले उपकरण, उपभोक्ता कार्ड और गैस चूल्हा भी जब्त किया है।

    पुलिस के अनुसार, विभिन्न कंपनियों के 105 सिलिंडर, उपभोक्ता कार्ड बरामद किए गए हैं। एसडीपीओ सदर सुशील कुमार ने बताया कि छापेमारी की भनक लगते ही कालाबाजारी में संलिप्त आरोपित फरार हो गए। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

    एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपित पहरा गांव निवासी विकास कुमार सिंह अपने घर और दुकान में गैस सिलिंडरों का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी में संलिप्त पाए गए हैं।

    बताया कि एसपी के निर्देश पर की गई कार्रवाई में विकास कुमार सिंह के घर और दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी में एचपी, भारत गैस एवं इंडेन कंपनी के कुल 105 गैस बरामद सिलिंडर में एचपी कंपनी के 10 कामर्शियल सिलिंडर शामिल है। पांच भरे और पांच खाली पाए गए।

    इसके अलावा, एचपी के 55 घरेलू सिलिंडर बरामद किए गए, जिनमें 49 भरे और छह खाली थे। भारत गैस के 23 घरेलू सिलिंडर मिले, जिनमें दो भरे और 21 खाली थे। वहीं इंडेन कंपनी के 17 घरेलू सिलिंडर बरामद हुए, जिनमें दो भरे और 15 खाली पाए गए।

    खबरें और भी

    पुलिस ने मौके से 90 उपभोक्ता कार्ड, छह उज्ज्वला गैस चूल्हा, एक रिफिलिंग नाजल पाइप तथा माइक्रोटेक कंपनी का एक तराजू जब्त किया है। एसडीपीओ का मानना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी का काम लंबे समय से चल रहा था।

    कार्रवाई में थानाध्यक्ष संजीत, दारोगा सोनाली श्री, शशिकांत, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, पंकज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। बताया गया कि इस कालाबाजारी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान और तलाश की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- बिहार STF की सूचना पर पकड़ी गई थी मिनी गन फैक्ट्री, अब साहिबगंज पुलिस ने बुलडोजर चलाकर किया ध्वस्त