छात्रों के संभावित प्रदर्शन को लेकर औरंगाबाद शहर में हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी; भारी संख्या फोर्स तैनात
औरंगाबाद में छात्रों के संभावित प्रदर्शन को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौराहों और सरकारी कार्यालयों पर भारी पुलिस बल ...और पढ़ें

छात्रों के संभावित प्रदर्शन को लेकर औरंगाबाद शहर में हाई अलर्ट
HighLights
संभावित छात्र प्रदर्शन के कारण औरंगाबाद में हाई अलर्ट।
शहर में भारी पुलिस बल तैनात, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी।
शांति बनाए रखने हेतु प्रशासन की पैनी नजर।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। औरंगाबाद में छात्रों के संभावित प्रदर्शन को देखते हुए शुक्रवार को शहर में प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर रहा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों और संवेदनशील स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी और उपद्रव फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहर के रमेश चौक को सबसे संवेदनशील स्थानों में शामिल करते हुए यहां सर्किल इंस्पेक्टर फहीम आजाद खां एवं नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे। उनके नेतृत्व में पुलिसकर्मी आने-जाने वाले लोगों पर नजर बनाए हुए थे।

वाहनों की जांच भी की जा रही थी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके अलावा समाहरणालय परिसर, डीएम, एसपी, सिविल सर्जन, एसडीएम आवास सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई।
-1784880252862.jpeg)
इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई। अधिकारियों द्वारा लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा था और तैनात पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे।
प्रशासन की ओर से शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस टीम लगातार यह जानकारी जुटा रही है कि कहीं छात्र किसी प्रकार की रैली या प्रदर्शन की तैयारी तो नहीं कर रहे हैं। छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर भी सतर्क निगरानी रखी जा रही है।
खबरें और भी

खुफिया विभाग की टीम भी लगातार सूचनाएं एकत्र करने में लगी हुई है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति की जानकारी समय रहते मिल सके। शहर के मुख्य चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है। गश्ती दल लगातार शहर में भ्रमण कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह एहतियात के तौर पर की गई है। आम लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शहर में सामान्य जनजीवन प्रभावित नहीं हुआ है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए जाएंगे।
अधिकारियों ने कहा कि कानून हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी और शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- कटिहार में बवाल के बाद DM ऑफिस की सुरक्षा बढ़ी, 14 उपद्रवी गिरफ्तार; 72 संदिग्धों की तस्वीर जारी