बिहार के औरंगाबाद में सर्राफा कारोबारी से लाखों की लूट, बदमाशों ने की जमकर मारपीट; फरार
औरंगाबाद के रामराज्य नगर में मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने खुशी ज्वेलर्स के मालिक से 2.40 लाख रुपये नकद और लगभग 100 ग्राम सोना लूट लिया। बदमाशों ने ...और पढ़ें

घायल दुकानदार।
HighLights
औरंगाबाद: ज्वेलर्स से 2.40 लाख नकद, 100 ग्राम सोना लूटा।
बाइक सवार बदमाशों ने दुकानदार से मारपीट कर की लूट।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, अपराधियों की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। शहर के कर्मा रोड स्थित रामराज्य नगर में मंगलवार की रात करीब नौ बजे बाइक सवार बदमाशों ने खुशी ज्वेलर्स के दुकानदार से नकदी और सोना लूट लिया। घटना के दौरान बदमाशों ने दुकानदार के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
पीड़ित ज्वेलर्स दुकानदार देवेंद्र प्रसाद ने बताया कि वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामराज्य नगर के पास बाइक सवार बदमाश पहुंचे और उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद दो लाख 40 हजार रुपये नकद तथा करीब 100 ग्राम सोना लूटकर कर्मा रोड की तरफ फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बबन बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।