Aurangabad-Gaya Road Project: औरंगाबाद से गयाजी तक सफर होगा सुपरफास्ट, 62 किलोमीटर सड़क पर खर्च होंगे 180 करोड़
औरंगाबाद से गयाजी तक 62 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण परियोजना को मंजूरी मिल गई है, जिस पर 180 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह सड़क यात्रा को आसान, सुरक्षित और ते ...और पढ़ें

सड़क चौड़ीकरण परियोजना को मंजूरी
HighLights
62 किलोमीटर सड़क का 180 करोड़ में चौड़ीकरण।
औरंगाबाद से गया तक यात्रा अब होगी सुपरफास्ट।
भूमि अधिग्रहण, अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रगति पर।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। औरंगाबाद से रफीगंज, भदवा बाजार, परैया और गुरारु होते हुए गयाजी तक जाने वाली सड़क अब नए रूप में नजर आएगी। लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर यह है कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना को मंजूरी मिल गई है।
पथ निर्माण विभाग ने इस महत्वाकांक्षी योजना का कार्य कराने के लिए गया की रमिया कंस्ट्रक्शन कंपनी को स्वीकृति पत्र जारी कर दिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द ही कंपनी को कार्यादेश भी सौंपा जाएगा।
62 किलोमीटर सड़क पर खर्च होंगे 180 करोड़
इस परियोजना के तहत करीब 62 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण और चौड़ीकरण किया जाएगा। इसमें औरंगाबाद जिले में करीब 35 किलोमीटर और गया जिले में लगभग 27 किलोमीटर सड़क शामिल है।
सड़क निर्माण पर लगभग 180 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। हालांकि निविदा प्रक्रिया के दौरान निर्माण कंपनी ने कम दर पर काम करने की सहमति दी है, जिससे सरकार को राहत मिलेगी।
औरंगाबाद से गया तक मिलेगा नया वैकल्पिक मार्ग
यह सड़क पुरानी जीटी रोड स्थित सिन्हा कॉलेज मोड़ से शुरू होकर रफीगंज होते हुए अमवां-सीमवां तक बनेगी। इसके बाद गया जिले की सीमा में प्रवेश करने पर वहां का निर्माण कार्य संबंधित विभाग कराएगा।
परियोजना पूरी होने के बाद औरंगाबाद से गयाजी तक यात्रा आसान, सुरक्षित और कम समय में पूरी हो सकेगी। इससे हजारों लोगों को रोजाना आवागमन में फायदा मिलेगा।
जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज
सड़क चौड़ीकरण को लेकर कई गांवों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सदर प्रखंड के बिजोई और रफीगंज क्षेत्र के गोरडीहा, माड़ीपुर, गोठानी, केराप टोला, नौवाखाप, फेसरा, अब्दुलपुर, बीबीपुर, भदवा, लहास और बंचरखुर्द समेत कई मौजों की जमीन ली जाएगी।
खबरें और भी
जमीन अधिग्रहण पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। जिला प्रशासन ने कहा है कि सभी भू-स्वामियों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
सात मीटर चौड़ी बनेगी सड़क, पुल-पुलियों का भी विस्तार
पथ निर्माण विभाग के अनुसार औरंगाबाद जिले में सड़क की चौड़ाई सात मीटर रखी गई है, जबकि गया जिले के हिस्से में इसे 10 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा।
सड़क निर्माण के दौरान पुराने पुल और पुलियों को भी चौड़ा किया जाएगा ताकि यातायात बाधित न हो। विभाग का कहना है कि अगर पूरे हिस्से को 10 मीटर चौड़ा बनाया जाता तो अतिरिक्त जमीन अधिग्रहण की जरूरत पड़ती।
भदवा बाजार में हटेगा अतिक्रमण, बनेगा ROB
परियोजना के तहत भदवा बाजार, बंचरखुर्द, लहास समेत कई इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी। सड़क चौड़ीकरण के दौरान कई दुकानें और मकान भी प्रभावित हो सकते हैं।
जहां-जहां सड़क रेलवे लाइन को पार करेगी वहां रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कराया जाएगा। इससे जाम और दुर्घटना की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने कहा- तेजी से चल रहा काम
कार्यपालक अभियंता ई. गोपाल सिंह ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जमीन अधिग्रहण का काम तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद औरंगाबाद से गया तक सफर पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आसान और सुगम हो जाएगा।