Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार की नई फिल्म नीति से बढ़ेगा पर्यटन और रोजगार; अवैध खनन पर भी होगी सख्त कार्रवाई

    Updated: Sun, 24 May 2026 09:54 AM (IST)

    राज्य सरकार ने अवैध खनन और ओवरलोड बालू परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिसमें थानाध्यक्षों की जवाबदेही तय की गई है। साथ ही, बिहार की नई फि ...और पढ़ें

    खान व भूतत्व एवं कला व संस्कृति विभाग के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी को सम्मानित करते जिला कला व संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज। जागरण

    खान व भूतत्व एवं कला व संस्कृति विभाग के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी को सम्मानित करते जिला कला व संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज। जागरण

    HighLights

    1. अवैध खनन, ओवरलोड बालू परिवहन पर थानाध्यक्षों की जवाबदेही तय।

    2. नई फिल्म नीति से बिहार के पर्यटन स्थलों पर होगी फिल्मों की शूटिंग।

    3. अश्लील गानों और फूहड़ संस्कृति पर सरकार करेगी सख्त कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। राज्य सरकार ने अवैध खनन और ओवरलोड बालू परिवहन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अवैध बालू लदे वाहनों की जवाबदेही संबंधित थानाध्यक्ष की होगी।

    खान एवं भूतत्व तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया।

    उन्होंने कहा कि यदि किसी थाना क्षेत्र से अवैध या ओवरलोड बालू लदे वाहन गुजरते हैं, तो संबंधित थानाध्यक्ष को इसकी पूरी जानकारी देनी होगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

    मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसमें पुलिस, खनन विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी तय की गई है।

    अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बालू घाटों की नियमित जांच की जाए और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए।

    उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन को बढ़ावा नहीं देना चाहती। राजस्व की क्षति पहुंचाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

    रात में हो रहे अवैध परिवहन पर बढ़ेगी निगरानी

    बैठक में मंत्री ने कहा कि कई क्षेत्रों से रात के समय अवैध बालू परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं। इसे रोकने के लिए जिलेवार निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।

    जिन इलाकों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जाएगी। परिवहन विभाग को भी जांच अभियान तेज करने का निर्देश दिया गया है।

    बिहार की नई फिल्म नीति पर भी चर्चा

    खनन मामलों की समीक्षा के साथ मंत्री ने बिहार की नई फिल्म नीति को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

    नई नीति के तहत बिहार के ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर फिल्मों की शूटिंग कराई जाएगी। इसके लिए मुंबई के कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को बिहार आने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

    मंत्री ने कहा कि बिहार में कई ऐसे प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थल हैं, जो फिल्म शूटिंग के लिए बेहद उपयुक्त हैं। सरकार कलाकारों और निर्माताओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराएगी।

    साथ ही शूटिंग के माध्यम से बिहार के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा, जिससे राज्य की सकारात्मक छवि देश-दुनिया तक पहुंचेगी।

    उन्होंने बताया कि फिल्म शूटिंग के लिए अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, ताकि निर्माता आसानी से बिहार में शूटिंग कर सकें। इससे स्थानीय कलाकारों और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

    अश्लील गानों पर होगी सख्त कार्रवाई

    प्रमोद चंद्रवंशी ने अश्लील गानों और फूहड़ संस्कृति पर चिंता जताते हुए कहा कि अश्लील गीत लिखने, गाने और बजाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गृह विभाग से इस संबंध में सहमति मिल चुकी है।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि समाज में अश्लीलता फैलाने वाले गानों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इंटरनेट मीडिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी ऐसे गानों की निगरानी की जाएगी।

    बिहार की सांस्कृतिक पहचान को बचाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक के बाद जिला कला संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज के साथ कई कलाकारों ने मंत्री से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।

    इस दौरान राजीव कुमार पांडेय, सुनील मौआर, चितरंजन कुमार, अनुराग मिश्रा, शुभाशीष पांडेय, तान्या मौआर और सौरभ पांडेय समेत कई कलाकार मौजूद रहे।