औरंगाबाद-पटना NH-139 पर दो ट्रकों में सीधी भिड़ंत के बाद लगी आग, ड्राइवर झुलसा; 4 घंटे ठप रहा ट्रैफिक
औरंगाबाद में NH-139 पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर के बाद आग लग गई, जिसमें एक चालक गंभीर रूप से झुलस गया। ...और पढ़ें
HighLights
औरंगाबाद में NH-139 पर दो ट्रकों की टक्कर।
टक्कर के बाद लगी आग, एक चालक गंभीर रूप से झुलसा।
हादसे से चार घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंजुराही मोड़ के पास औरंगाबाद -पटना पथ राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर मंगलवार की रात करीब 11:15 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने हुई टक्कर के बाद आग लग गई। आग लगते ही सड़क पर अफरातफरी मच गई। हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि दूसरे टेलर के चालक एवं उपचालक ने वाहन से कूदकर जान बचाई।
दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। बुधवार की सुबह 10 बजे तक आग से क्षतिग्रस्त वाहनों को पूरी तरह नहीं हटाया जा सका, जिससे आवागमन पूरी तरह सुचारु नहीं हो सका।
खाना खाने के बाद जा रहे थे आगे
घायल चालक की पहचान रोहतास के दिनारा थाना क्षेत्र के घोड़वा चाकर गांव निवासी विमल सिंह के रूप में हुई है। इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है कि ट्रक पर गिट्टी लेकर जा रहे थे। सीमेंट फैक्ट्री के पास स्थित होटल में भोजन करने के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए थे। होटल से करीब 100 मीटर आगे बढ़ते ही हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पटना की ओर से आ रहा ट्रेलर (एचआर-55 एपी-2926) एक यात्री बस को रास्ता देने के दौरान अपनी लेन छोड़कर दूसरी लेन में चला गया। उसी समय सामने से अपनी लेन में आ रहे ट्रक (बीआर-01 जीआर-5043) से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर लगते ही दोनों गाड़ियों में लगी आग
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। टेलर के चालक और उपचालक समय रहते नीचे कूद गए, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं, जबकि ट्रक चालक विमल सिंह गंभीर रूप से झुलस गए।
खबरें और भी

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी आरके सिंह के नेतृत्व में सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी कुंदन कुमार, प्रधान अग्निक संजय कुमार राय, अग्निक चालक विक्की कुमार एवं अग्निशमन विभाग के अन्य कर्मी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
बुधवार सुबह भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और उसे आसपास फैलने से रोक दिया गया। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर रात आंशिक रूप से यातायात बहाल किया गया, लेकिन दोनों क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर पड़े रहने से बुधवार सुबह भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
सुबह 10 बजे तक भी यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका। पुलिस और प्रशासन की देखरेख में वाहनों को हटाने तथा यातायात सुचारु करने का कार्य जारी रहा। दुर्घटना के कारणों की जांच मुफस्सिल थाना पुलिस कर रही है।
आग बुझाने के अग्निशमन विभाग के दो कर्मी घायल
भीषण आग पर काबू पाने के दौरान प्रधान अग्निक संजय कुमार राय एवं सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी कुंदन कुमार घायल हो गए। इसके बावजूद दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव अभियान जारी रखा। अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।