विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी के 5 महीने बाद ही पत्नी ने ताबीज की रस्सी से घोंटा पति का गला, औरंगाबाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

Published: Wed, 29 Jul 2026 02:16 PM (IST)

औरंगाबाद के गोह थाना क्षेत्र में सन्नी कुमार की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में सामने ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पत्नी

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पत्नी

HighLights

  1. औरंगाबाद में पत्नी ने पति सन्नी कुमार की हत्या की।

  2. कॉलेज एडमिशन विवाद में पति का गला घोंटा।

  3. आरोपी पत्नी पल्लवी कुमारी गिरफ्तार, जेल भेजी गई।

संवाद सूत्र, उपहारा, गोह (औरंगाबाद)। गोह थाना क्षेत्र के तुलसी विगहा गांव में चार जुलाई की रात सन्नी कुमार की हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि सन्नी कुमार (21वर्ष ) की हत्या उसकी पत्नी पल्लवी कुमारी ने ही की थी। 

घटना के बाद आरोपित पत्नी ने खुद को बचाने के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी कराकर पुलिस और स्वजनों को गुमराह करने की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार पांच जुलाई को मनोज महतो के पुत्र सन्नी कुमार की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हुई थी। 

शुरुआत में पल्लवी कुमारी ने दावा किया था कि सन्नी बेड से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, मृतक के गले पर पाए गए निशानों ने पुलिस को संदेह में डाल दिया था और मामले की गहन जांच शुरू की गई।

पूछताछ में पत्नी ने पति की हत्या का खोला राज

जांच आगे बढ़ने पर आरोपित पत्नी के बयान बदलने लगे और उसने पुलिस के समक्ष कड़ाई से पूछताछ में सच्चाई को उजार कर दिया। पुलिस को पूछताछ में पल्लवी ने बताया कि वह हत्या करना नहीं चाहती थी। उसने कहा कि कॉलेज में एडमिशन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने पति के गले में पहनी ताबीज की रस्सी पकड़ ली और खींच दिया। 

अचानक छोड़ देने से सन्नी दीवार से टकराकर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पति-पत्नी के बीच कहासुनी होती दिख रही है।

24 फरवरी को हुई थी दोनों की शादी

बताया गया कि दोनों की शादी इसी वर्ष 24 फरवरी को हुई थी। पल्लवी कुमारी की हसपुरा थाना क्षेत्र के कंचननगर गांव में मायके है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- बिहार के औरंगाबाद में पुलिस पर हमला; जम्होर थानेदार ICU में भर्ती, SI समेत कई अन्‍य जख्‍मी