Banka News: बहनोई ने ब्याज पर पैसे दिलवाए, मांगने पर ससुराल में साले ने की पिटाई
बांका के शंभुगंज में एक व्यक्ति ने अपने सालों को ब्याज पर पैसे दिलवाए थे, जिसे मांगने पर ससुराल में उसके साथ मारपीट कर बंधक बनाया गया और बाइक छीन ली ग ...और पढ़ें

बहनोई ने ब्याज पर पैसे दिलवाए, मांगने पर ससुराल में साले ने की पिटाई

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। पैसे के लेनदेन को लेकर रिश्तों में दरार पड़ने का एक मामला सामने आया है। चौतरा गांव निवासी युवक ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने, बंधक बनाने और बाइक छीन लेने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, चौतरा गांव निवासी राहुल कुमार की शादी वर्ष 2015 में शाहपुर गांव निवासी नंदकिशोर यादव की पुत्री प्रियंका कुमारी से हुई थी।
राहुल कुमार ने बताया कि शादी के बाद उसके रिश्ते में लगने वाले साले गौरव कुमार, अजय कुमार और मोहन कुमार ने आर्थिक परेशानी बताकर उससे रुपये की मदद मांगी थी। रिश्तेदारी निभाने के लिए उसने गांव के एक व्यक्ति से न्यूनतम ब्याज पर एक लाख रुपये अपने सालों को दिलवाए थे।
राहुल का आरोप है कि शुरुआत में रुपये जल्द लौटाने का भरोसा दिया गया, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई। कई बार पैसे की मांग करने पर दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ने लगा। उसने बताया कि रुपये नहीं लौटाने से नाराज होकर उसने अपनी पत्नी प्रियंका देवी को मायके शाहपुर पहुंचा दिया था।
पीड़ित युवक के अनुसार, कुछ दिनों बाद उसकी पत्नी ने फोन कर उसे ससुराल बुलाया। पत्नी के बुलावे पर जब वह शाहपुर पहुंचा तो वहां उसके तीनों सालों ने उसे घर में बंधक बना लिया। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए उसके साथ जमकर मारपीट की गई।
खबरें और भी
राहुल ने यह भी कहा कि उसकी बाइक छीन ली गई और जान से मारने की धमकी दी गई। किसी तरह वहां से निकलकर वह सीधे थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, आरोपित पक्ष ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। मामले को लेकर प्रभारी थानाध्यक्ष आदर्श कुंदन ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।