बांका की 19 पंचायतों में नल-जल योजना ठप, भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग
शंभुगंज (बांका) प्रखंड में पीएचईडी विभाग की लापरवाही से नल-जल योजना ठप पड़ी है, जिससे 19 पंचायतों की आधी आबादी भीषण गर्मी में पेयजल के लिए तरस रही है। ...और पढ़ें

बांका की 19 पंचायतों में नल-जल योजना ठप
HighLights
शंभुगंज में नल-जल योजना की बदहाली।
19 पंचायतों में पेयजल संकट गहराया।
विभाग की लापरवाही से ग्रामीण परेशान।
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। प्रखंड में पीएचईडी विभाग की लापरवाही और सिस्टम की कमजोरी के कारण क्षेत्र की आधी आबादी को नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जेठ माह की भीषण गर्मी में लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। कहीं पाइपलाइन बिछाने में गड़बड़ी है तो कहीं मोटर खराब पड़ी है। कई जगहों पर तकनीकी खामियों के कारण जलापूर्ति ठप है।
ग्रामीणों ने बताया कि शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीण सुनील सिंह , अशोक सिंह सहित अन्य ने बताया कि गांव में जलमीनार बने एक दशक बीत गया है।
19 पंचायतों में घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी
विभाग की उदासीनता के कारण आज तक दर्जनों लोगों के घर पानी नहीं जा रहा है। यह स्थिति सिर्फ तीन चार पंचायतों की नहीं है। कमोबेश प्रखंड के 19 पंचायतों में है।
गुलनी पंचायत में तो आधी आबादी आज भी पेयजल के लिए तरस रही है। इस संबंध में पीएचइडी विभाग के कनीय अभियंता सुबोध कुमार ने बताया कि समस्या समाधान के लिए प्रयासरत हैं।
पड़रिया पंचायत के वार्ड संख्या चार में करीब ढाई सौ की आबादी को नल जल योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। गांव में जल मीनार है। पर घरों तक पाइप लाइन नहीं बिछाए गए हैं। अधिक ऊंचाई के कारण महादलित बस्ती तक पानी नहीं पहुंच रहा है।- प्रभाकर कुमार
पकरिया पंचायत के वार्ड संख्या चार रामपुर दाढ़ी में करीब पांच दर्जन घरों में नल जल का पानी नहीं पहुंच रहा है। ऊंचाई के कारण यह समस्या उत्पन्न है। संवेदक द्वारा जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक किए बगैर जलमीनार बना दिया है।- दीपक कुमार सिंह, मुखिया
मालडीह पंचायत के वार्ड संख्या एक एवं दो में करीब पांच सौ घरों में पिछले एक वर्षों से नल जल का लाभ नहीं मिल रहा है। दरअसल खेसर सड़क निर्माण में नल जल का पाइप लाइन उखाड़ दिया। आज दो वर्ष हो गए, लोगों को नल जल का लाभ नहीं मिल रहा है।-ममता देवी
कुर्मा पंचायत के वार्ड संख्या 13 और 14 में करीब चार दर्जन घरों को पेयजल का लाभ नहीं मिल रहा है। जबकि जलमीनार बने एक दशक बीत गया है। विभाग की उदासीनता के कारण आज तक दर्जनों लोगों के घर पानी नहीं जा रहा है।-प्रभुनाथ सिंह