Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में शिक्षा क्रांति! अब मात्र ₹1 में स्नातक करेंगी छात्राएं, छह विषयों की पढ़ाई के लिए नए कॉलेजों का खुला ताला

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 01:49 PM (IST)

    बांका जिले में चार नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन हुआ है, जहां छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई मात्र एक रुपये नामांकन शुल्क में पूरी करने का अव ...और पढ़ें

    बिहार में शिक्षा क्रांति! स्नातक के छह विषयों की पढ़ाई के लिए बेटियों को देना होगा मात्र एक रुपया

    बिहार में शिक्षा क्रांति! स्नातक के छह विषयों की पढ़ाई के लिए बेटियों को देना होगा मात्र एक रुपया

    संवाद सहयोगी, बांका। बांका जिले में उच्च शिक्षा की दिशा में बुधवार का दिन एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी बदलाव का साक्षी बन गया है। जिले के चार अलग-अलग प्रखंडों में एक साथ चार नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों की विधिवत और भव्य शुरुआत कर दी गई है।

    छात्राओं के लिए विशेष छूट

    इन सभी कॉलेजों में कला संकाय के छह महत्वपूर्ण विषयों (हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र) में बीए की पढ़ाई शुरू हुई है। सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि छात्राओं को पूरे छह सेमेस्टर की स्नातक पढ़ाई पूरी करने के लिए महज एक रुपया नामांकन शुल्क देना होगा।

    मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन

    पहले ही दिन बांका जिले के इन महाविद्यालयों में 110 से अधिक छात्र-छात्राओं का प्रथम सेमेस्टर में डिजिटल माध्यम से सफलतापूर्वक नामांकन भी हो चुका है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना से वर्चुअल माध्यम से भदरिया (अमरपुर) डिग्री कॉलेज का गरिमामयी उद्घाटन किया।

    अमरपुर में खुला नया कॉलेज

    स्थानीय स्तर पर आयोजित समारोह में विधायक सह पूर्व मंत्री जयंत राज कुशवाहा, एडीएम अजीत कुमार और प्राचार्य डॉ. बलिराम प्रसाद सिंह मौजूद रहे। पूर्व मंत्री जयंत राज ने कहा कि इस कॉलेज के खुलने से अमरपुर के गरीब और मध्यमवर्गीय छात्रों को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

    खबरें और भी

    बाराहाट में रामनारायण मंडल पहुंचे

    इधर, बाराहाट के सहरना में नवनिर्मित डिग्री कॉलेज के उद्घाटन समारोह में पूर्व मंत्री एवं बांका विधायक रामनारायण मंडल मुख्य अतिथि बने। उन्होंने सहरना कॉलेज को क्षेत्र के बौद्धिक विकास का केंद्र बताते हुए परिसर में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधरोपण भी किया।

    फुल्लीडुमर में भव्य लाइव टेलीकास्ट

    उधर फुल्लीडुमर के केड़िया इनाराबरण परिसर में आयोजित समारोह में सांसद गिरधारी यादव और विधायक मनोज यादव ने अनावरण पट्टिका का अनावरण किया। इस दौरान डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी अमितेश कुमार की मौजूदगी में लाइव टेलीकास्ट में सीएम ने हर प्रखंड में कॉलेज खोलने का संकल्प दोहराया।

    तीन नए मॉडल स्कूल चयनित

    शिक्षा क्षेत्र में दूसरी बड़ी कामयाबी के तहत बांका के तीन और हाईस्कूलों को 'सरस्वती विद्या निकेतन' मॉडल स्कूल की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इनमें एसएस बालिका उच्च विद्यालय, सार्वजनिक उच्च विद्यालय सर्वोदयनगर और ठाकुर रुद्रेश्वरी प्रसाद सिंह उच्च विद्यालय ककवारा शामिल हैं।

    डीईओ ने बुलाई अहम बैठक

    अब जिले में कुल मॉडल स्कूलों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है, जिससे सरकारी स्कूलों में वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। डीईओ देवनारायण पंडित ने बताया कि इन सभी 14 मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापकों की गुरुवार को एक अति महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुलाई गई है।