बांका सांसद गिरिधारी यादव के आवास पर पुलिस कार्रवाई से हड़कंप, बिना सर्च वारंट छापेमारी का लगाया आरोप
जदयू सांसद गिरिधारी यादव ने अपने आवासों पर पुलिस द्वारा बिना सर्च वारंट के छापेमारी का आरोप लगाया है।

HighLights
सांसद गिरिधारी यादव ने बिना सर्च वारंट पुलिस कार्रवाई का आरोप लगाया।
एसपी ने आरोपों को खारिज किया, कहा भाई के घर गई थी पुलिस।
यह कार्रवाई अवैध मिट्टी खनन मामले से संबंधित बताई जा रही है।
संवाद सहयोगी, बांका। जदयू सांसद गिरिधारी यादव के चांदन और देवघर स्थित आवासों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर माहाैल गर्म हो गया।
रविवार को सांसद ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए बिना सर्च वारंट के आवासों पर पहुंचने का आरोप लगाया और मामले की जांच भागलपुर प्रक्षेत्र के आईजी से कराने की मांग की।
वहीं, एसपी अमितेश कुमार ने सांसद के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस सांसद के घर गई ही नहीं थी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित बीएमपी-10 की जमीन मौथावाड़ी से अवैध रूप से मिट्टी खनन के मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
अनुसंधान में प्रिंस कंस्ट्रक्शन का नाम सामने आने के बाद पुलिस लालधारी यादव के घर गई थी। सांसद गिरिधारी यादव ने सिंचाई आईबी में पत्रकार सम्मेलन में कहा कि उनके तीन आवासों पर एक साथ पुलिस पहुंची और तलाशी ली गई।
देवघर स्थित आवास पर मौजूद महिलाओं ने उन्हें फोन कर पुलिस के पहुंचने की जानकारी दी। सांसद के अनुसार उन्होंने फोन पर पुलिसकर्मियों से कार्रवाई के संबंध में वारंट की जानकारी मांगी तो वारंट होने से इनकार किया गया।
सांसद ने कहा कि बिना सर्च वारंट के इस तरह की कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर एसपी से मिलने के लिए अपने लेटर पैड पर समय मांगा था, लेकिन मुलाकात का समय नहीं दिया गया।
उन्होंने एसपी से संपर्क करने का प्रयास भी किया, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। सांसद ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की कार्रवाई हो सकती है तो आम लोगों की स्थिति क्या होगी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि भागलपुर प्रक्षेत्र के आईजी को भी शिकायत दी जाएगी।
अवैध मिट्टी खनन में पुलिस ने की छापेमारी: एसपी
एसपी अमितेश कुमार ने सांसद के आरोपों को निराधार कहा। एसपी ने कहा कि सांसद के घर पर पुलिस गई ही नहीं थी। प्रस्तावित बीएमपी-10 की जमीन मौथावाड़ी से अवैध मिट्टी खनन के मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

अनुसंधान के दौरान प्रिंस कंस्ट्रक्शन का नाम सामने आया। इसी सिलसिले में पुलिस लालधारी यादव के घर गई थी। ज्ञात हो कि लालधारी सांसद के भाई हैं।
एसपी ने कहा कि सांसद महोदय के साथ कई कार्यक्रमों में वे स्वयं मौजूद रहे हैं। सांसद से नहीं मिलने का कोई कारण नहीं है।
यह भी पढ़ें- JDU में बढ़ी अंदरूनी खींचतान, नीतीश के सांसद गिरधारी यादव की सदस्यता पर संकट
